चुनाव परिणाम: 20 साल बाद चित्तौड़गढ़ जिला परिषद में कांग्रेस की वापसी, रतनी देवी बनीं जिला प्रमुख; मन रहा जश्न
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिला परिषद में 20 साल बाद कांग्रेस ने वापसी करते हुए जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमाया है। कांग्रेस प्रत्याशी रतनी देवी जाट ने भाजपा की तुलसी बाई जाट को हराकर जीत दर्ज की। जिला परिषद के 35 वार्डों में से कांग्रेस के पास 28 और भाजपा के पास सात सदस्य थे।
विस्तार
चित्तौड़गढ़ जिला परिषद के कुल 35 वार्डों में से कांग्रेस के पास 28 और भारतीय जनता पार्टी के पास महज सात सदस्य थे। स्पष्ट बहुमत के साथ कांग्रेस खेमे में 28 सदस्य होने से पहले ही तस्वीर साफ हो चुकी थी और कांग्रेस का जिला प्रमुख बनना तय माना जा रहा था। हालांकि, संवैधानिक औपचारिकता पूरी करने के लिए आज जिला परिषद सभागार में विधिवत रूप से जिला प्रमुख का चुनाव कराया गया।
चुनाव प्रक्रिया के तहत कांग्रेस की ओर से रतनी देवी जाट और भाजपा की ओर से तुलसी बाई जाट ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद मतदान कराया गया। मतदान के दौरान कांग्रेस के सभी 28 सदस्यों ने एकजुटता दिखाते हुए रतनी देवी जाट के पक्ष में मतदान किया।
मतगणना के तुरंत बाद निर्वाचन अधिकारी ने रतनी देवी जाट को विजयी घोषित करते हुए जिला प्रमुख निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र सौंपा। जैसे ही रतनी देवी जाट के जिला प्रमुख बनने की आधिकारिक घोषणा हुई, जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट चौराहे पर जुटे सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य किया और जमकर आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया।
ये भी पढ़ें- राजस्थान पंचायती राज चुनाव: भाजपा में सियासी हलचल, सरकार-संगठन में खींचतान
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित जिला प्रमुख रतनी देवी जाट और उनके पति बद्रीलाल जाट को फूल-मालाओं से लाद दिया और उनका जोरदार स्वागत किया। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर इस जीत को जिले के विकास की नई शुरुआत बताया। 20 साल बाद जिला परिषद की सत्ता में कांग्रेस की इस वापसी से पार्टी खेमे में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
