Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Chandigarh-Punjab News ›   Bathinda Municipal Corporation Multi-level car parking sealed contractor failed pay rent for 14 months

बठिंडा निगम की कार्रवाई: मल्टीलेवल कार पार्किंग सील, 14 माह से ठेकेदार नहीं दे रहा था किराया; 97.79 लाख बकाया

Fri, 27 Nov 2026 01:12 PM IST
Nivedita संवाद न्यूज एजेंसी, बठिंडा
संवाद न्यूज एजेंसी, बठिंडा Published by: Nivedita Updated Fri, 27 Nov 2026 01:12 PM IST
सार

निगम की तहबाजारी एवं एडवर्टाइजमेंट शाखा की रिपोर्ट में मल्टीलेवल कार पार्किंग के ठेकेदार पर 97.79 लाख रुपये की बकाया राशि सामने आई है। इसके बाद निगम ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को पार्किंग को सील कर दिया।

विज्ञापन
Bathinda Municipal Corporation Multi-level car parking sealed contractor failed pay rent for 14 months
बठिंडा में मल्टीलेवल कार पार्किंग सील - फोटो : संवाद

विस्तार

बठिंडा शहर के माल रोड स्थित छह मंजिला मल्टीलेवल कार पार्किंग को आखिरकार नगर निगम ने सील कर दिया। ठेकेदार की ओर से करीब 14 महीने तक निर्धारित किस्तें जमा नहीं करवाई गई थी। पार्किंग का संचालन जारी था। 
विज्ञापन


ठेकेदार लोगों से पार्किंग शुल्क वसूलता रहा, जबकि निगम को मिलने वाली किस्तों का भुगतान नहीं किया गया। तहबाजारी शाखा के सुपरिंटेंडेंट कुलविंदर सिंह ने बताया कि ठेकेदार की ओर से लंबे समय से निगम को किराये की किस्तें जमा नहीं करवाई जा रही थीं। इस संबंध में नगर निगम के जनरल हाउस ने 2 नवंबर 2026 को हुई बैठक में ठेका रद्द करने और ठेकेदार की 17.42 लाख रुपये की बैंक गारंटी जब्त करने का प्रस्ताव पास किया था। इसके बाद प्रस्ताव को मंजूरी के लिए स्थानीय निकाय विभाग के पास भेजा गया। विभाग से मंजूरी मिलने के बाद पार्किंग सील करने की कार्रवाई की गई है। अब ठेकेदार से बकाया राशि वसूलने के लिए अगली प्रक्रिया अपनाई जाएगी। साथ ही पार्किंग का ठेका नए सिरे से देने की तैयारी भी की जाएगी।
विज्ञापन


पांच साल के लिए दिया था ठेका, सात किस्तें नहीं भरीं
नगर निगम के रिकॉर्ड के अनुसार माल रोड और मल्टीलेवल कार पार्किंग का ठेका गुरमेल सिंह विर्क को 21 जून 2023 से 20 जून 2028 तक पांच साल के लिए दिया गया था। इसके लिए वर्क ऑर्डर नंबर 41/2023 नौ अगस्त 2023 को जारी किया गया था। ठेके की सालाना बोली करीब 69.98 लाख रुपये प्लस जीएसटी और टीसीएस थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


निगम की रिपोर्ट के मुताबिक ठेकेदार ने 10 अगस्त 2025 से 9 अक्टूबर 2026 तक की सात किस्तें जमा नहीं करवाईं। प्रत्येक किस्त की राशि 11,61,333 रुपये थी। इसके अलावा 2,09,040 रुपये जीएसटी और 26,711 रुपये टीसीएस निर्धारित था। इस तरह एक किस्त की कुल राशि 13,97,084 रुपये बनती है। सात किस्तों का मूल भुगतान 81,29,331 रुपये, जीएसटी 14,63,280 रुपये और टीसीएस 1,86,977 रुपये है। इन सभी को मिलाकर कुल बकाया 97,79,588 रुपये हो गया।

नोटिस भेजे, लेकिन 14 महीने तक संचालन जारी रहा
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल नगर निगम के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर उठ रहा था। जब ठेकेदार लगातार किस्तें जमा नहीं करवा रहा था, तब निगम ने समय रहते पार्किंग को अपने कब्जे में क्यों नहीं लिया। निगम अधिकारियों के अनुसार ठेकेदार को कई बार लिखित पत्र भेजकर बकाया किस्तें जमा करवाने के निर्देश दिए गए थे। 31 अगस्त 2026 को भी अंतिम मौका देने के लिए पत्र जारी किया गया था। इसके बावजूद ठेकेदार ने न तो भुगतान किया और न ही निगम के पत्रों का जवाब दिया। अब कार्रवाई होने के बाद यह भी जांच का विषय है कि इस अवधि में ठेकेदार ने लोगों से कितनी पार्किंग फीस वसूली।

हाईकोर्ट में केस, लेकिन नहीं मिला स्टे
पार्किंग ठेके से जुड़ा विवाद पहले भी निगम और ठेकेदार के बीच टकराव का कारण रहा है। 8 अगस्त 2025 को जनरल हाउस की बैठक में सार्वजनिक शिकायतों के बाद मेयर ने टो-अवे यानी टो वैन व्यवस्था तत्काल बंद करने और इस मामले में उच्चस्तरीय कमेटी गठित करने का प्रस्ताव रखा था। इसके बाद निगम ने 9 अगस्त 2025 को ठेकेदार को पत्र जारी किया।

टो-अवे व्यवस्था बंद करने के फैसले के खिलाफ ठेकेदार ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। निगम की रिपोर्ट के अनुसार अदालत की ओर से इस मामले में कोई स्टे ऑर्डर जारी नहीं किया गया था। मामले की अगली तारीख 30 अक्तूबर 2026 दर्ज थी। ऐसे में सवाल उठता है कि जब अदालत की ओर से रोक नहीं लगाई गई थी, तो निगम बकाया राशि की वसूली और अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन पर कार्रवाई करने में पीछे क्यों रहा

टेंडर की शर्तों में निगम के पास थे अधिकार
नगर निगम की वेबसाइट पर उपलब्ध मूल टेंडर की शर्तों के अनुसार ठेकेदार को बोली की 25 प्रतिशत राशि के बराबर परफॉर्मेंस बैंक गारंटी जमा करवानी थी। किस्त जमा करवाने में अधिकतम 15 दिन की देरी होने पर 18 प्रतिशत सालाना ब्याज लगाने का प्रावधान था। 15 दिन से अधिक देरी होने पर निगम को ठेका रद्द करने अथवा ब्याज और पेनल इंटरेस्ट सहित बकाया राशि वसूलने का अधिकार था।

इसके अलावा कमिश्नर बैंक गारंटी भुनाकर बकाया राशि की वसूली भी कर सकते थे। भुगतान में चूक या अनुबंध की अन्य शर्तों का उल्लंघन होने पर ठेकेदार को सुनवाई का अवसर देकर अंतिम आदेश पारित करने का प्रावधान भी था। ऐसे में सवाल यह है कि जब निगम के पास ठेका रद्द करने और बैंक गारंटी से वसूली करने के अधिकार मौजूद थे, तो कार्रवाई के लिए 14 महीने तक इंतजार क्यों किया गया

एलईडी स्क्रीन से हुई कमाई का हिसाब भी जरूरी
मल्टीलेवल पार्किंग के बाहर लगी डिजिटल विज्ञापन एलईडी स्क्रीन से होने वाली कमाई भी जांच के दायरे में आनी चाहिए। टेंडर की शर्तों के अनुसार ठेकेदार को पार्किंग परिसर में अधिकतम 200 वर्गफुट का एक डिजिटल और 200 वर्गफुट का एक स्टैटिक विज्ञापन बोर्ड लगाने की अनुमति थी। इसके लिए कमिश्नर की पूर्व मंजूरी और विज्ञापन नियमों का पालन करना जरूरी था।

अब निगम को यह स्पष्ट करना होगा कि ठेकेदार ने विज्ञापन से कितनी कमाई की और इसकी अनुमति किन शर्तों के तहत दी गई थी। साथ ही यह भी जांच जरूरी है कि जब ठेकेदार निगम को किराये की किस्तें नहीं दे रहा था, तब उसे विज्ञापन से कमाई करने का अधिकार जारी रखने का आधार क्या था।

पहले भी व्यापारियों ने किया था विरोध
मल्टीलेवल पार्किंग और ठेकेदार का विवाद नया नहीं है। अगस्त 2023 में दुकानदारों और व्यापारिक संगठनों ने मनमाने ढंग से गाड़ियां उठाने और वाहन मालिकों से जुर्माना वसूलने के आरोप लगाकर विरोध प्रदर्शन किया था। व्यापारियों का कहना था कि ग्राहकों की गाड़ियां उठाए जाने से बाजार के कारोबार पर असर पड़ रहा है।

अगस्त 2024 में धोबी बाजार और गोल डिग्गी क्षेत्र के व्यापारियों ने दोबारा विरोध जताया और बाजार बंद रखा था। उस समय चार पहिया वाहन उठाने पर 800 रुपये शुल्क निर्धारित था। इसमें 500 रुपये ठेकेदार और 300 रुपये निगम को मिलने थे। लगातार विरोध के बाद निगम ने टो-अवे व्यवस्था अपने हाथ में लेने का फैसला किया था। बाद में अगस्त 2025 में टो-अवे व्यवस्था बंद करने का निर्णय लिया गया, लेकिन पार्किंग का मूल ठेका जारी रहा।

अब 97.79 लाख की वसूली सबसे बड़ी चुनौती
नगर निगम ने ठेका रद्द करने और 17.42 लाख रुपये की बैंक गारंटी जब्त करने का प्रस्ताव पास कर दिया है। पंजाब म्युनिसिपल कॉरपोरेशन एक्ट 1976 की धारा 382 के तहत निगम के बकाया शुल्क, किराये और अन्य देय राशि की वसूली टैक्स के बकाये की तरह की जा सकती है। अब निगम के सामने सबसे बड़ी चुनौती 97.79 लाख रुपये की बकाया राशि वसूलने की है।


इसके साथ ही पिछले 14 महीनों में ठेकेदार की ओर से वसूली गई पार्किंग फीस का ऑडिट करवाना भी जरूरी है। विज्ञापन से हुई कमाई और पार्किंग संचालन से प्राप्त कुल राजस्व का हिसाब भी सामने आना चाहिए। सबसे अहम सवाल यह है कि सरकारी राजस्व का भुगतान नहीं होने के बावजूद ठेकेदार को इतने लंबे समय तक पार्किंग चलाने देने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी या कार्रवाई केवल ठेका रद्द करने और पार्किंग सील करने तक ही सीमित रह जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed