Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   UP: Special event held in Lucknow to mark the 557th Prakash Parv of Guru Nanak Dev Ji; CM Yogi attends

प्रकाश पर्व: योगी बोले- जब विदेशी ताकतें परेशान करती थीं, उस वक्त गुरुनानक जी ने मंत्र दिया कि 'एक ओंकार'

Tue, 24 Nov 2026 12:31 PM IST
Akash Dwivedi डिजिटल डेस्क, लखनऊ
डिजिटल डेस्क, लखनऊ Published by: Akash Dwivedi Updated Tue, 24 Nov 2026 12:31 PM IST
सार

सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व लखनऊ में मनाया गया। इस अवसर पर डीएवी पीजी कॉलेज में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। कार्यक्रम में गुरु नानक देव जी के जन्मदिवस पर श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया गया।

विज्ञापन
UP: Special event held in Lucknow to mark the 557th Prakash Parv of Guru Nanak Dev Ji; CM Yogi attends
लखनऊ में विशेष आयोजन, शामिल हुए सीएम योगी - फोटो : यूट्यूब

विस्तार

सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व (जन्मदिवस) के अवसर पर राजधानी के डीएवी पीजी कॉलेज में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रकाश पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी को नमन किया। 

विज्ञापन


सीएम योगी ने कहा कि आज कार्तिक पूर्णिमा की संध्या पर काशी में लाखों दीपक जलेंगे। ये मान्यता है कि भगवान शिव ने आज के दिन राक्षस त्रिपुरासुर का वध किया था। इसलिए ये आयोजन हर जगह उत्साह के साथ मनाया जाता है।गुरु नानक जी का एक ही उद्देश्य था कि धर्म पर धर्म की विजय हो। सत्य पर सत्य की विजय हो। याद करिए वो दौर जब बिखरा हुआ समाज था।
विज्ञापन


उस वक्त गुरुनानक जी ने एक मंत्र दिया कि  'एक ओंकार'

मुख्यमंत्री ने गुरु नानक देव जी महाराज के तीन प्रमुख सिद्धांतों 'नाम जपो, कीरत करो, वंड छको' की व्याख्या करते हुए कहा कि ईश्वर का स्मरण, कीर्तन और सामूहिकता मनुष्य के भीतर सकारात्मक भाव पैदा करते हैं। इससे अज्ञानता दूर होती है और समाज में एकजुटता की शक्ति जागृत होती है। उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास जी की पंक्ति 'श्रद्धावान् लभते ज्ञानम्' का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रद्धा के माध्यम से ही ज्ञान की प्राप्ति होती है। 

गुरु नानक देव जी महाराज भी कीर्तन के माध्यम से मनुष्य के भीतर श्रद्धा और सद्भाव का भाव जागृत करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने 'वंड छको' के सिद्धांत को सामाजिक समानता और सहभागिता का जीवंत उदाहरण बताते हुए कहा कि इसका आशय है कि कोई भी व्यक्ति उपेक्षित न रहे और सभी मिल-बांटकर भोजन करें। 

गुरुद्वारों में संचालित लंगर की परंपरा आज भी इस महान विचार को साकार कर रही है। वहां किसी की जाति, मत या मजहब नहीं पूछा जाता। हर व्यक्ति एक साथ पंगत में बैठकर समान सम्मान के साथ भोजन करता है। यह केवल भोजन कराने की व्यवस्था नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा, समानता और मानवीय संवेदना का अनुपम उदाहरण है।
 



मुख्यमंत्री ने लंगर की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि सबको एक साथ लंगर चखते हुए देखना उन्हें बहुत अच्छा लगता है, जिसकी शुरुआत गुरु नानक जी ने की थी। उन्होंने गुरु नानक जी की बातों को याद करते हुए कहा कि उनकी शिक्षाएं हमें अन्याय के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देती हैं।

विज्ञापन

नाम जपने और कीर्तन करने से दूर होती है अज्ञानता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुरु नानक देव जी के संदेश आज भी समाज को एकता और सद्भाव की राह दिखाते हैं। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए नाम जपने और कीर्तन करने से अज्ञानता दूर होती है। कीर्तन से समाज में एक शक्ति जागृत होती है। श्रद्धावान व्यक्ति को ही ज्ञान प्राप्त होता है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने नाम जपने यानी ईश्वर का स्मरण करने का संदेश दिया। उनके अनुसार, ईश्वर का नाम लेने और कीर्तन करने से व्यक्ति अज्ञानता से दूर होता है। मन में नास्तिकता का भाव उत्पन्न नहीं होता और श्रद्धा के माध्यम से ज्ञान की प्राप्ति होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह गुरु नानक देव जी के मंत्रों और सिद्धांतों को मानते हैं। उन्होंने लंगर की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि लोगों को एक साथ पंगत में बैठकर भोजन करते देखना समाज में समानता और एकता का संदेश देता है। यह परंपरा गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं और उनके बताए रास्ते का अनुसरण करने की प्रेरणा देती है। 

विज्ञापन

मानवता को अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान और प्रकाश का मार्ग दिखाया

मुख्यमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा के आध्यात्मिक और धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि आज का दिन पूरे प्रदेश के लिए अत्यंत पवित्र है। वह प्रातः चार बजे से ही प्रदेश के विभिन्न धार्मिक स्थलों से श्रद्धालुओं की संख्या और व्यवस्थाओं की जानकारी ले रहे थे।

मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ में लाखों श्रद्धालु मां गंगा में स्नान कर रहे हैं। हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में प्रातःकाल से अब तक लगभग 15 लाख श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं, जबकि अमरोहा के तिगरी में भी 15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई है। 

प्रयागराज और फर्रुखाबाद में भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। अयोध्या और काशी में लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर काशी की विश्वप्रसिद्ध देव दीपावली का आयोजन भी होना है, जिसमें लाखों दीप प्रज्ज्वलित होंगे। 

मान्यता है कि भगवान शिव ने इसी दिन त्रिपुरासुर का वध कर धरती को आतंक से मुक्त कराया था। इसी परंपरा और धार्मिक आस्था के अनुरूप गढ़मुक्तेश्वर, काशी सहित प्रदेश के विभिन्न तीर्थस्थलों पर कार्तिक पूर्णिमा के आयोजन हर्षोल्लास के साथ होते हैं। यह दिन इसलिए भी विशेष है, क्योंकि मानवता को अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान और प्रकाश का मार्ग दिखाने वाले गुरु नानक देव जी महाराज का पावन प्रकाश पर्व भी इसी दिन मनाया जाता है।

अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देती है सच्ची आध्यात्मिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी महाराज ने आध्यात्मिकता को केवल व्यक्तिगत साधना या आत्मकल्याण तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे अन्याय के विरुद्ध निर्भीक होकर खड़े होने की प्रेरणा से जोड़ा। सच्ची आध्यात्मिकता पलायन का मार्ग नहीं दिखाती। यदि समाज में कोई अत्याचार या अन्याय हो रहा है तो उसके सामने मौन रहना आध्यात्मिकता नहीं हो सकती। सच्ची आध्यात्मिक चेतना व्यक्ति को अन्याय का डटकर मुकाबला करने और धर्म की रक्षा के लिए खड़े होने का साहस देती है। 

उन्होंने कहा कि कालांतर में सिख गुरुओं का त्याग और बलिदान इसी विचार का सबसे बड़ा उदाहरण बना। गुरु तेग बहादुर जी का सर्वोच्च बलिदान, गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का संघर्ष और उनके चारों साहिबजादों की शहादत इसी आध्यात्मिक चेतना से प्रेरित थी। विदेशी आक्रांताओं के विरुद्ध सिख वीरों का संघर्ष और देश की आजादी की लड़ाई में सिख वीरों तथा क्रांतिकारियों का योगदान भी इसी परंपरा का विस्तार है।

 

चारों साहिबजादों का बलिदान भारतीय इतिहास का गौरवशाली अध्याय

मुख्यमंत्री ने गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के चारों साहिबजादों बाबा अजीत सिंह जी, बाबा जुझार सिंह जी, बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी के अद्वितीय साहस और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि अल्पायु में ही इन चारों साहिबजादों ने धर्म और अपने सिद्धांतों की रक्षा के लिए असहनीय यातनाएं सहीं, लेकिन विदेशी हुकूमत और आक्रांताओं के सामने कभी सिर नहीं झुकाया। सात, नौ, 11 और 14 वर्ष की आयु में भी उनका संकल्प और निर्भीकता अद्वितीय थी। 

अपनी गुरु परंपरा, धर्म और मूल्यों के प्रति उनकी अडिग निष्ठा प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ के सिख गुरुद्वारों के सहयोग से चारों साहिबजादों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने और युवा पीढ़ी को उनके बलिदान से परिचित कराने के उद्देश्य से 26 दिसंबर को 'वीर बाल दिवस' के रूप में आयोजित करने की पहल को आगे बढ़ाया गया। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में वीर बाल दिवस का आयोजन विशेष महत्व रखता है। 

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री आवास में सात वर्ष पूर्व गुरु नानक देव जी महाराज के 550वें प्रकाश पर्व का आयोजन हुआ था और इसके बाद वहां वीर बाल दिवस के कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं। उन्होंने प्रसन्नता जताई कि लखनऊ से शुरू हुई इस पहल ने आज राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक स्वरूप ग्रहण कर लिया है। 

देशभर में वीर बाल दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं और कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं तथा चारों साहिबजादों के अद्वितीय बलिदान को स्मरण किया जाता है। इससे युवाओं और विद्यार्थियों को धर्म, राष्ट्र और अपने मूल्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा मिलती है।

 

सिख गुरुओं की यात्राओं ने सीमाओं से परे पहुंचाया मानवता का संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख गुरुओं की आध्यात्मिक चेतना किसी एक स्थान या क्षेत्र तक सीमित नहीं थी। उन्होंने भारत के विभिन्न हिस्सों के साथ देश की सीमाओं से बाहर तक यात्राएं और पदयात्राएं कीं। उनकी आध्यात्मिक शक्ति के साथ देश, धर्म और मानवता के लिए कुछ कर गुजरने की दृढ़ इच्छाशक्ति भी जुड़ी हुई थी। 

यही कारण है कि उनकी शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता का मार्गदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आज के इस पावन अवसर पर हम सभी का दायित्व है कि सिख गुरुओं के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव बनाए रखें, उनके पवित्र विचारों को अपने आचरण में उतारें और उनके त्याग, तपस्या तथा योगदान से वर्तमान पीढ़ी को लगातार अवगत कराते रहें। 

ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी गौरवशाली परंपरा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी रहें। मुख्यमंत्री ने कामना की कि लखनऊ के श्रद्धालुओं को ननकाना साहिब और करतारपुर साहिब में भी जाकर बड़े आयोजनों का हिस्सा बनने का अवसर प्राप्त हो।

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed