जम्मू: एसआई भर्ती परीक्षा टालने की मांग पर युवाओं पर बरसीं पुलिस की लाठियां, लाठीचार्ज के बाद धरने से नहीं हटे
एफएए भर्ती परीक्षा में नकल की जांच पूरी होने तक 29 नवंबर को होने वाली एसआई भर्ती परीक्षा स्थगित करने की मांग को लेकर जम्मू में युवाओं ने प्रदर्शन किया जिस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज कर कई अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया।
विस्तार
फाइनेंस अकाउंट्स असिस्टेंट (एफएए) भर्ती परीक्षा में कथित नकल का मुद्दा उठाते हुए जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड की आगामी परीक्षा को स्थगित करने की मांग कर रहे युवाओं पर पुलिस ने वीरवार को लाठीचार्ज किया। इन बेरोजगार युवाओं की मांग है कि जब तक नकल मामले की जांच पूरी होकर रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की जाती, तब तक 29 नवंबर को होने वाली पुलिस विभाग की सब-इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती परीक्षा न कराई जाए।
युवा वीरवार दोपहर करीब 12 बजे प्रेस क्लब के बाहर जुटने लगे थे। इसके बाद उन्होंने बोर्ड के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोकभवन की ओर मार्च शुरू किया। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जब प्रदर्शनकारी डोगरा चौक से होते हुए गुम्मट चौक के पास पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
इस पर पुलिस अधिकारियों और अभ्यर्थियों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान विधायक युद्धवीर सेठी और एडीसी अनुसूया जम्वाल भी मौके पर पहुंच गए। प्रदर्शन उग्र हुआ तो पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठियां बरसाना शुरू कर दिया।
कई अभ्यर्थियों को हिरासत में भी लिया गया। इसके बाद आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने तवी पुल पर महाराजा हरि सिंह की प्रतिमा के नीचे धरना शुरू कर दिया और देर रात तक वहीं डटे रहे। हालांकि सभी अभ्यर्थियों को देर रात रिहा कर दिया गया। पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई से गुस्साए अभ्यर्थी देर रात तक महाराजा हरि सिंह की प्रतिमा के नीचे धरने पर बैठे रहेे। उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, उग्र प्रदर्शन जारी रहेगा। इस बीच, डोडा के विधायक मेहराज मलिक भी देर रात युवाओं के समर्थन में धरनास्थल पर पहुंचे और उनकी मांगों को जायज ठहराया।
उपराज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने भी नकल मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। एबीवीपी के प्रदेश सचिव सनक श्रीवत्स के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि जेकेपीएसआई परीक्षा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हों। यदि प्रशासन निष्पक्ष परीक्षा कराने की गारंटी नहीं दे सकता तो इसे आगे बढ़ाया जाए। प्रतिनिधिमंडल में संयुक्त सचिव राधिका आर्यन, राहुल ठाकुर और जयवर्धनी सिंह परिहार शामिल रहे। उन्होंने विश्वविद्यालयों में एक पाठ्यक्रम-एक फीस नीति लागू करने और जेकेपीएससी में नियमित चेयरमैन व सदस्यों की नियुक्ति की मांग की।
पुलिस स्पष्ट करे... नकल कराने में कौन-कौन शामिल
विंकल शर्मा ने कहा कि जब फाइनेंस अकाउंट्स असिस्टेंट परीक्षा के केंद्रों पर जैमर लगाए गए थे तो इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अंदर कैसे पहुंचे और प्रश्नपत्र की तस्वीर बाहर कैसे भेजी गई। उन्होंने कहा कि केवल कुछ लोगों को गिरफ्तार कर लेने से मामला खत्म नहीं होता, जांच में यह सामने आना चाहिए कि परीक्षा केंद्र के अंदर और बाहर इस पूरे प्रकरण में कौन-कौन शामिल था। विंकल शर्मा ने कहा कि पुलिस की जांच में कई लोगों की गिरफ्तारी हुई है, जिनमें सरकारी कर्मचारी भी शामिल हैं। ऐसे में अभ्यर्थी जेकेएसएसबी की अगली परीक्षाओं पर कैसे भरोसा करें। उन्होंने अकाउंट्स असिस्टेंट परीक्षा मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग भी उठाई।
