अब तक कौन कौन बना बॉन्ड?: छह दशक और छह हीरो... रॉबर्ट पैटिनसन से पहले इन कलाकारों ने अदा की जासूस की भूमिका
- James Bond: हॉलीवुड अभिनेता रॉबर्ट पैटिनसन को दर्शक जेम्स बॉन्ड के रूप में देखेंगे।
- जेम्स बॉन्ड 007 के रूप में उनके नाम का कल सोमवार को आधिकारिक एलान किया गया।
- इस सीरीज की पहली फिल्म साल 1962 में आई थी। तब से अब तक अलग-अलग अभिनेताओं ने यह रोल किया है।
विस्तार
एक किरदार है- जेम्स बॉन्ड। इस जासूस की सिनेमाई यात्रा छह दशक की है। अब तक छह अलग-अलग हीरो इस किरदार को जी चुके हैं। सातवें हीरो रॉबर्ट पैटिनसन हैं। हॉलीवुड अभिनेता रॉबर्ट के नाम का एलान डेनियल क्रेग के उत्तराधिकारी के तौर पर हो चुका है। वे अब जेम्स बॉन्ड की भूमिका निभाएंगे। उनसे पहले इस किरदार को किस-किसने निभाया? जानिए
शॉन कॉनरी
जेम्स बॉन्ड की भूमिका में सबसे पहले अभिनेता शॉन कॉनरी नजर आए। साल 1962 में रिलीज हुई जेम्स बॉन्ड फिल्म ‘डॉक्टर नो’ के लिए उन्हें चुना गया। उन्होंने साल 1962 से 1967 तक यह रोल किया। इसके अलावा 1971 और 1983 में भी ये किरदार निभाया।
जॉर्ज लेजेनबी
साल 1969 में अभिनेता जॉर्ज लेजेनबी जेम्स बॉन्ड के रूप में दर्शकों से रूबरू हुए। उन्होंने 'ऑन हर मेजेस्टीज सीक्रेट सर्विस' में बॉन्ड के रूप में भूमिका निभाई। वे सिर्फ एक ही फिल्म का हिस्सा बने।
रोजर मूर
फिर यह जासूस का यह किरदार रोजर मूर के हिस्से आया। उन्होंने साल 1973–1985 तक जेम्स बॉन्ड का किरदार पर्दे पर जीवंत किया।
टिमोथी डाल्टन
टिमोथी डाल्टन ने यह रोल 1987–1989 तक किया। उन्होंने इस फ्रैंचाइजी की कुल दो फिल्में कीं। वे इस भूमिका में काफी गंभीर अंदाज में नजर आए। उन्होंने 1987 में 'द लिविंग डे लाइट्स' और 1989 में 'लाइसेंस टू किल', दो फिल्मों में काम किया।
पियर्स ब्रॉसनन
साल 1995 से लेकर 2002 तक पियर्स ब्रॉसनन इस फ्रैंचाइजी का हिस्सा रहे और जेम्स बॉन्ड बने। वे चार फिल्मों में बॉन्ड की भूमिका में नजर आए।
डैनियल क्रेग
साल 2006 में डैनियल क्रेग ने इस किरदार को जीया। उन्होंने 'कैसिनो रॉयल' से यह भूमिका संभाली। फिर साल 2021 तक यह सिलसिला चला। डैनियल ने जेम्स बॉन्ड सीरीज की पांच फिल्मों में काम किया। अब उनके उत्तराधिकारी बने हैं रॉबर्ट पैटिनसन।
टेलीविजन पर सबसे पहले किसने निभाई भूमिका?
- हालांकि, बात अगर टेलीविजन की करें तो स्क्रीन पर सबसे पहले जेम्स बॉन्ड का किरदार अमेरिकी एक्टर बैरी नेल्सन ने साल 1954 में टीवी शो 'क्लाइमेक्स' के 'कैसिनो रॉयल' एपिसोड में निभाया था।
- साल 1962 से जेम्स बॉन्ड की एंट्री फिल्मों में हुई। अब तक इस किरदार पर 26 फिल्में बन चुकी हैं।
- साल 1967 में डेविड निवेन भी जेम्स बॉन्ड बने। उन्होंने कॉमेडी-स्पूफ फिल्म 'कैसीनो रोयाल' में सर जेम्स बॉन्ड की भूमिका निभाई थी। हालांकि, यह फिल्म 'इयोन प्रोडक्शंस' की मुख्य जेम्स बॉन्ड सीरीज का हिस्सा नहीं थी।
