Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Election ›   uttar pradesh Assembly election 2027 raebareli Assembly seat history bjp sp bsp congress political equation

सीट का समीकरण: पांच चुनाव पिता, तो दो रहे बेटी के नाम, 1993 से अजेय है परिवार; ऐसा है रायबरेली का इतिहास

Tue, 17 Nov 2026 05:39 PM IST
अमन तिवारी इलेक्शन डेस्क, नोएडा
इलेक्शन डेस्क, नोएडा Published by: अमन तिवारी Updated Tue, 17 Nov 2026 05:39 PM IST
सार

रायबरेली विधानसभा सीट से अखिलेश सिंह पांच बार जीते। साल 2017 में अखिलेश सिंह की बेटी अदिति सिंह ने यहां से कांग्रेस के टिकट पर जीत दर्ज की, जबकि 2022 में भाजपा प्रत्याशी के रूप में उन्होंने समाजवादी पार्टी के राम प्रताप यादव को 7,175 वोटों से हराया। जानें रायबरेली का चुनावी इतिहास...

विज्ञापन
uttar pradesh Assembly election 2027 raebareli Assembly seat history bjp sp bsp congress political equation
रायबरेली में अखिलेश सिंह परिवार का दबदबा - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी धीरे-धीरे तेज होती जा रही है। प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। हर सीट की अपनी सियासी विरासत, सामाजिक समीकरण और चुनावी कहानी है। कांग्रेस की पारंपरिक सियासत के लिए पहचाने जाने वाले रायबरेली जिले की रायबरेली विधानसभा सीट भी ऐसी ही सीटों में शामिल है। यहां से मौजूदा विधायक अदिति सिंह हैं, जबकि उनसे पहले उनके पिता अखिलेश सिंह ने 1993 से 2012 तक लगातार पांच विधानसभा चुनाव जीतकर इस सीट पर अपनी मजबूत पकड़ बनाई थी।  यूपी में 2027 के चुनावी माहौल के बीच हमारी खास सीरीज 'सीट का समीकरण' में आज हम आपको रायबरेली विधानसभा सीट का चुनावी इतिहास, बदलते सियासी समीकरण और अब तक के राजनीतिक सफर के बारे में विस्तार से बता रहे हैं। आइए, जानते हैं रायबरेली विधानसभा सीट की पूरी कहानी...
विज्ञापन


पहले जानते हैं रायबरेली विधानसभा सीट के बारे में
उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में से एक प्रमुख जिला रायबरेली है, जिसके अंतर्गत कुल छह विधानसभा सीटें आती हैं- बछरावां, हरचंदपुर, रायबरेली, सलोन, सरेनी और ऊंचाहार। इस जिले की रायबरेली विधानसभा सीट के इतिहास की बात करें तो 1952 से 1962 के दौरान यह क्षेत्र दो अलग-अलग विधानसभा सीटों, रायबरेली उत्तर और रायबरेली दक्षिण में बंटा हुआ था। 1967 के आम विधानसभा चुनावों से ठीक पहले एकीकृत रायबरेली विधानसभा सीट का गठन किया गया, यानी यह सीट साल 1967 में अपने वर्तमान स्वरूप में अस्तित्व में आई। 1967 के चुनाव में कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार एम. एम. मिश्रा ने जीत दर्ज की।
विज्ञापन

रायबरेली विधानसभा सीट का चुनावी इतिहास

1967: कांग्रेस के एम.एम. मिश्रा की जीत से शुरुआत
इस विधानसभा चुनाव में रायबरेली सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की। चुनाव में कांग्रेस के एम.एम. मिश्रा ने भारतीय जनसंघ के जे. प्रसाद को 17,423 वोटों के बड़े अंतर से हराकर चुनाव जीता। इस चुनाव में एमएम मिश्रा को 24,422 वोट मिले, जबकि जे. प्रसाद के खाते में 6,999 वोट आए।

1969: कांग्रेस ने दोहराई जीत
1967 के बाद राज्य में 1969 में उत्तर प्रदेश में दोबारा विधानसभा चुनाव हुए। इस चुनाव में भी रायबरेली सीट पर कांग्रेस का कब्जा बरकरार रहा। चुनाव में कांग्रेस के मदन मोहन मिश्रा ने संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी के राउर दीन को 11,949 वोटों से हराया। चुनाव में मदन मोहन मिश्रा को 23,214 वोट मिले, जबकि राउर दीन को 11,265 वोट प्राप्त हुए। इस तरह लगातार दूसरे विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और मदन मोहन मिश्ना ने रायबरेली सीट पर जीत दर्ज की। हालांकि, जीत का अंतर 1967 के मुकाबले कम हुआ, लेकिन सीट पर कांग्रेस की पकड़ बनी रही।
विज्ञापन

uttar pradesh Assembly election 2027 raebareli Assembly seat history bjp sp bsp congress political equation
इन पार्टियों को मिली एक से ज्यादा बार जीत - फोटो : अमर उजाला
1974: महज 32 वोट से जीती कांग्रेस 
इस विधानसभा चुनाव में रायबरेली सीट बेहद करीबी मुकाबले की वजह से चर्चा में रही। कांग्रेस की सुनीता चौहान और भारतीय क्रांति दल के उमा शंकर यादव के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। चुनाव में सुनीता चौहान ने महज 32 वोट के अंतर से चुनाव जीत लिया। चुनाव में सुनीता को 21,434 वोट मिले, जबकि उमा शंकर यादव को 21,402 वोट प्राप्त हुए। इस जीत के साथ कांग्रेस ने इस सीट पर जीत की हैट्रिक लगाई।

1977: आपातकाल के बाद भी कांग्रेस ने बचाई सीट
1974 के बाद देश की राजनीति में बड़ा बदलाव आया। जून 1975 में आपातकाल लगा और करीब 21 महीने बाद मार्च 1977 में इसे समाप्त किया गया। इसके बाद लोकसभा चुनाव हुए, जिसमें कांग्रेस को बड़ा झटका लगा और केंद्र में पहली गैर-कांग्रेसी सरकार बनी।

केंद्र में जनता पार्टी की सरकार आने के बाद उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों की विधानसभाएं भंग कर दी गईं। इसके बाद जून 1977 में विधानसभा चुनाव हुए। प्रदेश में जनता पार्टी को बड़ी जीत मिली और राम नरेश यादव मुख्यमंत्री बने। लेकिन रायबरेली विधानसभा सीट पर इस राजनीतिक लहर का असर दिखाई नहीं दिया। यहां कांग्रेस ने एक बार फिर जीत दर्ज की।
विज्ञापन

1977: कांग्रेस ने लगाया जीत का चौका
इस चुनाव में कांग्रेस के मोहन लाल त्रिपाठी ने जनता पार्टी के उमा शंकर यादव को 2,155 वोटों से हराया। मोहन लाल त्रिपाठी को 22,927 वोट मिले, जबकि उमा शंकर यादव को 20,772 वोट प्राप्त हुए।

1977 के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति ज्यादा समय तक स्थिर नहीं रही। केंद्र में जनता पार्टी की सरकार के भीतर मतभेद बढ़े और 1980 में लोकसभा चुनाव के बाद इंदिरा गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की सत्ता में वापसी हुई। इसके बाद उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों की विधानसभाएं भंग कर दी गईं और 1980 में फिर विधानसभा चुनाव हुए।

1980 का चुनाव
इस विधानसभा चुनाव में रायबरेली सीट पर इस बार कांग्रेस (आई) के रमेश चंद्र ने जीत दर्ज की। उन्होंने जनता पार्टी (सेक्युलर) के जय करण नाथ शुक्ल को 18,634 वोटों के बड़े अंतर से हराया। चुनाव में रमेश चंद्र को 24,177 वोट मिले, जबकि जय करण नाथ शुक्ल को 5,543 वोट मिले। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के दुर्गा प्रसाद पाल 3,693 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

1985: कांग्रेस का दबदबा जारी
इस चुनाव में भी रायबरेली सीट पर कांग्रेस की जीत का सिलसिला जारी रहा। चुनाव में कांग्रेस के रमेश चंद्र शुक्ल ने लोक दल के श्रीपाल को 5,522 वोटों से हराकर चुनाव जीता। चुनाव में रमेश चंद्र शुक्ल को 29,877 वोट मिले, जबकि श्रीपाल को 24,355 वोट मिले।

इस तरह 1967 से 1985 तक रायबरेली सीट पर कांग्रेस का प्रभाव लगातार दिखाई देता रहा। हालांकि, 1989 का चुनाव इस राजनीतिक तस्वीर को बदलने वाला था।

1989: जनता दल ने कांग्रेस का किला भेदा
1989 में रायबरेली विधानसभा सीट पर भी कांग्रेस को बड़ा झटका लगा। चुनाव में जनता दल के अशोक कुमार सिंह ने कांग्रेस के रमेश चंद्र शुक्ल को 6,018 वोटों के अंतर से हराकर चुनाव जीत लिया। चुनाव में अशोक कुमार सिंह को 44,035 वोट मिले, जबकि रमेश चंद्र शुक्ल को 38,017 वोट प्राप्त हुए।

1989 की यह जीत इसलिए महत्वपूर्ण थी क्योंकि लंबे समय से कांग्रेस के प्रभाव वाली रायबरेली सीट पर जनता दल ने पहली बार जीत दर्ज की थी।

uttar pradesh Assembly election 2027 raebareli Assembly seat history bjp sp bsp congress political equation
इन चेहरों को मिली एक से ज्यादा बार जीत - फोटो : अमर उजाला
1991: जनता दल के अशोक कुमार सिंह ने लगातार दूसरी बार जीता चुनाव
1989 में जीत दर्ज करने के बाद जनता दल के अशोक कुमार सिंह ने 1991 में भी रायबरेली सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा। इस चुनाव में उन्होंने जनता पार्टी के राम नरेश यादव को 9,649 वोटों के अंतर से हराया। चुनाव में अशोक कुमार सिंह को 34,231 वोट मिले, जबकि राम नरेश यादव को 24,582 वोट प्राप्त हुए।

1993: अखिलेश कुमार सिंह के दौर की शुरुआत
1993 से रायबरेली में अखिलेश कुमार सिंह के दबदबे की शुरुआत हुई। कांग्रेस के टिकट पर मैदान में उतरे अखिलेश कुमार सिंह ने भाजपा के प्रदीप कुमार त्रिवेदी उर्फ पप्पू को 38,279 वोटों के बड़े अंतर से हराया। चुनाव में अखिलेश कुमार सिंह को 69,505 वोट मिले, जबकि प्रदीप कुमार त्रिवेदी को 31,226 वोट प्राप्त हुए। इस जीत के साथ अखिलेश कुमार सिंह पहली बार रायबरेली विधानसभा सीट से विधायक बने। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

1996: अखिलेश सिंह की लगातार दूसरी जीत
इस चुनाव में अखिलेश कुमार सिंह ने एक बार फिर कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। इस बार उन्होंने भाजपा के संतोष कुमार मिश्रा को 61,253 वोटों के बड़े अंतर से हराया। चुनाव में अखिलेश कुमार सिंह को 86,358 वोट मिले, जबकि संतोष कुमार मिश्रा को 25,105 वोट प्राप्त हुए। 

2002: अखिलेश सिंह ने लगाई जीत की हैट्रिक
2002 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश कुमार सिंह ने एक बार फिर कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा। इस बार उनकी जीत का अंतर और भी बड़ा रहा। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राजीव कुमार को 95,837 वोटों के अंतर से हराया। चुनाव में अखिलेश कुमार सिंह को 1,15,869 वोट मिले, जबकि राजीव कुमार को 20,032 वोट प्राप्त हुए।

2007: अखिलेश सिंह ने बदली पार्टी, लेकिन जीत का सिलसिला जारी
2007 का विधानसभा चुनाव अखिलेश कुमार सिंह के राजनीतिक सफर में एक और महत्वपूर्ण मोड़ लेकर आया। इस बार वह कांग्रेस के टिकट पर चुनाव मैदान में नहीं थे। उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा। इसके बावजूद रायबरेली की जनता ने उन्हें फिर जीत दिलाई। चुनाव में अखिलेश कुमार सिंह को 76,603 वोट मिले और उन्होंने कांग्रेस के रुद्र प्रताप सिंह को 46,711 वोटों के बड़े अंतर से हराया। रुद्र प्रताप सिंह को 29,892 वोट मिले, जबकि समाजवादी पार्टी के राजीव कुमार 16,236 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

2012: पीस पार्टी के टिकट पर भी जीत
2012 का विधानसभा चुनाव आते-आते अखिलेश कुमार सिंह ने एक बार फिर अपना राजनीतिक ठिकाना बदला। इस बार वह पीस पार्टी के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे। हालांकि पार्टी बदलने का असर उनके चुनावी प्रदर्शन पर नहीं पड़ा। चुनाव में अखिलेश कुमार सिंह ने समाजवादी पार्टी के राम प्रताप यादव को 29,494 वोटों के अंतर से हराया। उन्हें कुल 75,588 वोट मिले, जबकि राम प्रताप यादव को 46,094 वोट प्राप्त हुए। इस जीत के साथ अखिलेश कुमार सिंह ने 1993 से लगातार पांचवीं बार रायबरेली विधानसभा सीट पर जीत दर्ज की।

1993, 1996, 2002, 2007 और 2012- इन पांचों चुनावों में अखिलेश कुमार सिंह ने अलग-अलग परिस्थितियों में जीत हासिल की। यही वजह है कि 1993 से 2012 का दौर रायबरेली विधानसभा सीट के इतिहास में अखिलेश कुमार सिंह के राजनीतिक प्रभाव के दौर के तौर पर देखा जाता है।

uttar pradesh Assembly election 2027 raebareli Assembly seat history bjp sp bsp congress political equation
2022 का नतीजा - फोटो : अमर उजाला
अखिलेश सिंह के बाद बेटी अदिति सिंह ने संभाली राजनीतिक विरासत
2017 का विधानसभा चुनाव रायबरेली सीट के लिए एक अलग वजह से महत्वपूर्ण था। इस बार चुनाव मैदान में अखिलेश कुमार सिंह खुद नहीं थे। उनकी जगह उनकी बेटी अदिति सिंह ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा और बड़ी जीत हासिल की। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी के मोहम्मद शाहबाज खान को 89,163 वोटों के बड़े अंतर से हराया। चुनाव में अदिति सिंह को 1,28,319 वोट मिले, जबकि शाहबाज खान को 39,156 वोट मिले, वहीं भाजपा की अनिता श्रीवास्तव 28,821 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।


2022: भाजपा के टिकट पर अदिति सिंह की दूसरी जीत
2022 का विधानसभा चुनाव रायबरेली सीट की राजनीतिक कहानी में एक और बड़ा बदलाव लेकर आया। 2017 में कांग्रेस के टिकट पर जीतने वाली अदिति सिंह इस बार भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरीं। उनके सामने समाजवादी पार्टी के राम प्रताप यादव थे। चुनाव में अदिति सिंह को 1,02,429 वोट मिले, जबकि राम प्रताप यादव को 95,254 वोट प्राप्त हुए। अदिति सिंह ने 7,175 वोटों के अंतर से चुनाव जीत लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed