बिहार: सीतामढ़ी में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, 10 हजार रुपये रिश्वत लेते युवक गिरफ्तार; मिठाई दुकान पर पकड़ा
सीतामढ़ी में विजिलेंस की टीम ने समाहरणालय के सामने एक मिठाई दुकान पर छापेमारी कर 10 हजार रुपये रिश्वत लेते पिंटू कुमार को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपी डुमरा थाना में तैनात चौकीदार हरिचंद्र पासवान का पुत्र बताया जा रहा है।
विस्तार
समाहरणालय परिसर के ठीक सामने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये रिश्वत लेते एक युवक को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान पिंटू कुमार के रूप में हुई है। वह डुमरा थाना में तैनात चौकीदार हरिचंद्र पासवान का पुत्र बताया जा रहा है। इस कार्रवाई के बाद समाहरणालय परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, विजिलेंस की टीम को रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। तय योजना के तहत समाहरणालय के सामने स्थित एक मिठाई की दुकान पर रिश्वत की रकम का लेनदेन होना था।
पढे़ं: आज अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी, घुड़दौड़ के लिए तैयार हुआ मैदान, मेहमानों के लिए बन रहे दो हेलिपैड
जैसे ही पिंटू कुमार ने परिवादी से 10 हजार रुपये लिए, पहले से मौजूद निगरानी टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को अपने साथ पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए ले गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दिनदहाड़े व्यस्त इलाके में हुई इस कार्रवाई की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। प्रशासनिक हलकों में भी गिरफ्तारी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी ने किस काम के बदले रिश्वत की मांग की थी और इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता है या नहीं।
