{"_id":"6b07ad769a6f4f2d0604257c","slug":"video-chaos-overshadows-faith-devotees-face-hardship-at-the-lakkhi-mela-2026-11-26","type":"video","status":"publish","title_hn":"VIDEO: आस्था पर अव्यवस्था भारी, लक्खी मेले में श्रद्धालु परेशान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
VIDEO: आस्था पर अव्यवस्था भारी, लक्खी मेले में श्रद्धालु परेशान
घिरोर। कार्तिक पूर्णिमा के साथ ही विधूना गांव स्थित मार्कंडेय ऋषि आश्रम पर लगने वाले वार्षिक मेले की शुरुआत हो गई है। करीब एक महीने तक चलने वाले इस मेले में लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। पवित्र कुंड में स्नान कर भगवान की पूजा-अर्चना करते हैं, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद प्रशासन की ओर से पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। सुविधाओं के अभाव में श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मेले में आने वाली हजारों महिलाएं कुंड में स्नान करने के बाद खुले में कपड़े बदलने को मजबूर हैं। महिलाओं की निजता और सुविधा के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। वहीं, रात के समय स्ट्रीट लाइट बंद रहने से श्रद्धालुओं को अंधेरे में आवागमन करना पड़ता है। साफ-सफाई की व्यवस्था भी बदहाल है। घाट की सीढ़ियों पर गंदगी और फिसलन होने के कारण स्नान करने पहुंच रहे महिला, पुरुष और बुजुर्ग आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं। कई लोगों को गंभीर चोट लगने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजना पड़ा है।
कुंड में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से रस्सी लगाई गई है, लेकिन अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर तहसील प्रशासन की ओर से कोई खास पहल नजर नहीं आ रही है। मेले में पेयजल, प्रकाश, साफ-सफाई और महिलाओं के कपड़े बदलने जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ा रहा है।
इस पूरे मेले की जिम्मेदारी सदर तहसील के अधिकारियों की होती है। मेले से तहसील प्रशासन को लाखों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है, लेकिन श्रद्धालुओं की सुविधाओं के नाम पर स्थिति शून्य नजर आ रही है। मेला शुरू होने के बाद भी आयोजकों और तहसील प्रशासन की ओर से व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। इससे श्रद्धालुओं में आक्रोश है।
----
लाखों की भीड़, लेकिन सुविधाओं का इंतजाम नहीं
एक महीने तक चलने वाले इस मेले में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। ऐसे में सवाल उठता है कि जब मेले से राजस्व की प्राप्ति हो रही है तो श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर ध्यान क्यों नहीं दिया जा रहा है। यदि समय रहते व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गईं तो आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।