{"_id":"6b05292588166d1654019bbf","slug":"video-mandi-himachal-essential-oil-processing-unit-lunapani-rajiv-guleria-2026-11-24","type":"video","status":"publish","title_hn":"मंडी के लूणापानी में 1.18 करोड़ से स्थापित हुई तेल प्रसंस्करण इकाई, विदेशों तक पहुंचेगा हिमाचल का सुगंधित तेल; 20 लोगों को मिलेगा रोजगार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मंडी के लूणापानी में 1.18 करोड़ से स्थापित हुई तेल प्रसंस्करण इकाई, विदेशों तक पहुंचेगा हिमाचल का सुगंधित तेल; 20 लोगों को मिलेगा रोजगार
Ankesh Dogra
Updated Tue, 24 Nov 2026 11:35 AM IST
Link Copied
हिमाचल प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में मंडी जिले के बल्ह उपमंडल के लूणापानी निवासी राजेश गुलेरिया ने नई पहल की है। उन्होंने करीब 1.18 करोड़ रुपये की लागत से आवश्यक तेल निष्कर्षण एवं प्रसंस्करण इकाई स्थापित की है। इस परियोजना के लिए प्रदेश सरकार की ओर से करीब 50 लाख रुपये का उपदान दिया गया है।
'आरके एरोमैटिक्स' नाम से स्थापित इस इकाई में सुगंधित पौधों और वनस्पतियों से आवश्यक तेल तैयार किए जाएंगे। इन उत्पादों को देश के विभिन्न बाजारों के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी पहुंचाने की योजना है।
राजेश गुलेरिया के बेटे दीक्षांत ने बताया कि उद्यान विभाग की एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के तहत इस परियोजना को आगे बढ़ाया गया है।
वर्ष 2024-25 में उद्यान विभाग के बल्ह कार्यालय में इकाई स्थापित करने के लिए आवेदन किया गया था। योजना के तहत मशीनरी की लागत पर 50 प्रतिशत उपदान का प्रावधान है। इसी आर्थिक सहायता से आधुनिक मशीनरी से लैस प्रसंस्करण इकाई स्थापित करना संभव हो पाया।
राजेश गुलेरिया ने वर्ष 2025-26 में पुष्प क्रांति योजना के तहत जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान, मौहल (कुल्लू) में पांच दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त किया।
इस प्रशिक्षण के दौरान उन्हें सुगंधित पौधों की खेती, आवश्यक तेल निकालने, प्रसंस्करण और उत्पादों का मूल्य संवर्धन करने की व्यावहारिक जानकारी दी गई। इसके बाद उन्होंने स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों की उपलब्धता और बाजार की संभावनाओं को देखते हुए यह परियोजना तैयार की।
इस इकाई में छह से अधिक प्रकार के उत्पाद तैयार करने की योजना है। यहां टैगेटिस, कैलमस, क्लेरी सेज, पामारोजा और आर्टेमिसिया जैसे सुगंधित पौधों से आवश्यक तेल निकाला जाएगा।
इसके अलावा जंगली खुबानी और खुबानी की गिरी से भी तेल का प्रसंस्करण किया जाएगा।
इस उद्यम के लिए स्थानीय किसानों और संग्राहकों से कच्चा वनस्पति पदार्थ खरीदा जाएगा। इससे किसानों को अपने उत्पाद बेचने के लिए स्थानीय स्तर पर बाजार उपलब्ध होगा। साथ ही सुगंधित पौधों की खेती को बढ़ावा मिलने और किसानों की अतिरिक्त आय के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
राजेश गुलेरिया के अनुसार, इकाई की उत्पादन क्षमता के आधार पर सालाना करीब 2.46 करोड़ रुपये का कारोबार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे लगभग 80 लाख से एक करोड़ रुपये तक मुनाफा होने की संभावना जताई गई है।
इकाई के संचालन से करीब 15 से 20 कुशल और अकुशल कामगारों के साथ तकनीकी कर्मचारियों को रोजगार मिलेगा। तैयार आवश्यक तेलों की बिक्री देश के विभिन्न बाजारों में करने के साथ विदेशों में निर्यात करने की भी योजना है।
विषयवाद विशेषज्ञ उद्यान सुंदरनगर डॉ. राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि इकाई में आधुनिक प्रसंस्करण मशीनरी के साथ गैस क्रोमैटोग्राफी आधारित गुणवत्ता विश्लेषण की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
इससे तैयार आवश्यक तेलों की गुणवत्ता का वैज्ञानिक तरीके से परीक्षण किया जा सकेगा। यह सुविधा अंतरराष्ट्रीय बाजार की गुणवत्ता संबंधी जरूरतों को पूरा करने में भी सहायक हो सकती है।
राजेश गुलेरिया ने उद्यम स्थापित करने में सहयोग और मार्गदर्शन देने के लिए प्रदेश सरकार, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उद्यान विभाग का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भविष्य में अधिक से अधिक स्थानीय किसानों और संग्राहकों को इस उद्यम से जोड़कर हिमाचल के प्राकृतिक संसाधनों को बड़े बाजार तक पहुंचाना उनका लक्ष्य है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।