Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Nainital News ›   Shilp Haat worth Rs. 1.25 crore turns into ruins in 17 years in haldwani

हल्द्वानी: सवा करोड़ की शिल्पहाट 17 साल में खंडहर, शिल्पी नहीं आए...नशेड़ियों का ठिकाना बना परिसर, पढ़ें खबर

Wed, 18 Nov 2026 11:43 AM IST
Heera अमर उजाला नेटवर्क, हल्द्वानी
अमर उजाला नेटवर्क, हल्द्वानी Published by: Heera Updated Wed, 18 Nov 2026 11:43 AM IST
सार

सवा करोड़ रुपये की लागत से बनी शिल्पहाट का सीएम ने लोकार्पण किया था, जिसमें शिल्पियों को रोजगार और उनके हुनर को बाजार देने के बड़े-बड़े दावे किए गए थे। लेकिन उसे आबाद करने की जिम्मेदारी निभाने वाला सिस्टम कुंभकर्णी नींद सो गया।

विज्ञापन
Shilp Haat worth Rs. 1.25 crore turns into ruins in 17 years in haldwani
हल्द्वानी, गौजाजाली स्थित शिल्पी हाट की दुकान की छत में उगा पेड़। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

शिल्पहाट की इमारत बनाने में सवा करोड़ रुपये खर्च हुए, मुख्यमंत्री ने लोकार्पण किया, शिल्पियों को रोजगार और उनके हुनर को बाजार देने के बड़े-बड़े दावे हुए, लेकिन उसे आबाद करने की जिम्मेदारी निभाने वाला सिस्टम कुंभकर्णी नींद सो गया। 17 साल बीत गए न शिल्पी आए और न ही शिल्पकला। नतीजतन भवन खंडहर हो गया। उसके चारों ओर आदमकद झाड़ियां उग आईं। हैरत की बात यह है कि यह परिसर समाज कल्याण निदेशालय से महज दो किलोमीटर दूर है। तब से अब तक कई निदेशक और अफसर बदले, लेकिन किसी ने धूल फांकती फाइलों को खोलने और खंडहर में तब्दील होती सरकारी संपत्ति की सुध लेने की जहमत नहीं उठाई। आखिर शिल्पियों को रोजगार देने के लिए बना हाट आज नशेड़ियों और अराजक तत्वों का ठिकाना बन गया है।

विज्ञापन

2009 में तत्कालीन सीएम खंडूरी ने किया था लोकार्पण
21 फरवरी 2009 को तत्कालीन मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी ने बरेली रोड पर पुरानी आईटीआई परिसर में 1 करोड़ 30 लाख 50 हजार रुपये की लागत से बने शिल्पी हाट का लोकार्पण किया था। समाज कल्याण विभाग की ओर से बनाए गए इस हाट का उद्देश्य कुमाऊं के शिल्पियों द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री के लिए बाजार उपलब्ध कराना था। यहां 25 दुकानें और एक केफेटेरिया है। यहां न तो कोई चौकीदार तैनात रहता है और न ही कोई सुरक्षा कर्मी। जो भवन कारीगरों के हुनर का प्रदर्शन करने के लिए बना था, वहां आज गंदगी का प्रदर्शन हो रहा है।

विज्ञापन

छत पर उग आए बड़े-बड़े पेड़
वर्षों से कोई भी जिम्मेदार अधिकारी शिल्पी हाट तक नहीं पहुंचा है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि परिसर के अलावा भवन की छत पर बड़े-बड़े पेड़ उग आए हैं। पेड़ों की जड़ें दीवारों और छत को चीर रही हैं। सवाल यह है कि इस बर्बादी के लिए जिम्मेदार अफसरों पर कोई कार्रवाई भी होगी या नहीं।

विज्ञापन
विज्ञापन

 

कुछ दुकानों में लगा है ताला, कई के शटर खुले मिले
अमर उजाला रिपोर्टर ने जब वहां का दौरा किया तो कुछ दुकानों के शटर तो बंद मिले जबकि कुछ दुकानों के शटर आधे और पूरे खुले नजर आए। जिन दुकानों के शटर खुले थे वहां भीतर भी इतनी गंदगी थी, उसके अंदर दाखिल होना भी मुश्किल था।

 

 

 

शाम होते ही लगता है नशेड़ियों का जमावड़ा
वर्षों से शिल्पी हाट का यह भवन लावारिस है। लोगों के मुताबिक शाम ढलते ही यहां नशेड़ियों और अराजक तत्वों का कब्जा रहता है। झाड़ियों की आड़ में नशा होता है। ऐसे में आसपास से गुजरने वाली महिलाएं और युवतियां इस रास्ते से गुजरने में भी डरती हैं।

 

6.5 एकड़ में फैला है राजकीय औद्योगिक आस्थान
पुरानी आईटीआई परिसर में स्थित समाज कल्याण विभाग का राजकीय औद्योगिक आस्थान 6.5 एकड़ में फैला हुआ है। इसमें 19 प्लाट और 15 शेड हैं। इसी आस्थान के एक हिस्से में शिल्पी हाट बना हुआ है।

 

तीन दुकानें हुई थीं आवंटित, खोली किसी ने भी नहीं
समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शिल्पी हाट में वर्ष 2009 में दुकान प्राप्त करने के लिए केवल तीन लोगों ने आवेदन किया था। तीनों आवेदकों को दुकानें आवंटित कर दी गई थी, लेकिन लंबे समय तक इनमें से एक ने भी दुकान नहीं खोली। जिसके बाद विभाग ने तीनों का आवंटन रद्द कर दिया था।

 

बिजली पानी का कनेक्शन नहीं
शिल्पी हाट में बिजली और पानी का कनेक्शन नहीं है। विभागीय सूत्र बताते हैं कि शुरूआत में जब दुकानें आवंटित की गई थीं तब बिजली-पानी के कनेक्शन के लिए आवेदन किया गया था लेकिन जब वहां दुकानें खुली ही नहीं तो विभाग ने कनेक्शन नहीं लिए।

शिल्पी हाट की उपेक्षा और दुर्दशा की जांच कराई जाएगी। यह भवन जिस प्रयोजन के लिए बना था उसका उसी के अनुरूप उपयोग हो और रखरखाव सुनिश्चित हो, ऐसी व्यवस्था बनाई जाएगी।


-ललित मोहन रयाल, जिलाधिकारी नैनीताल

 

शिल्पी हाट का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। वर्ष 2009 में दुकानें बनाने के बाद इनका आवंटन क्यों नहीं किया गया और भवन की देखरेख क्यों नहीं हुई, इसकी जांच कराई जाएगी।
- संजय खेतवाल, निदेशक समाज कल्याण
 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed