{"_id":"6b06892e2946c6e23209c821","slug":"woman-s-body-found-along-mathura-bareilly-highway-beer-can-offers-clue-2026-11-25","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"एक हाथ में बीयर की कैन, दूसरे पर लिखा 'द्वारकाधीश': मथुरा-बरेली हाईवे पर मिला महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
एक हाथ में बीयर की कैन, दूसरे पर लिखा 'द्वारकाधीश': मथुरा-बरेली हाईवे पर मिला महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस
Wed, 25 Nov 2026 12:37 PM IST
Dhirendra Singh
संवाद न्यूज एजेंसी, कासगंज
संवाद न्यूज एजेंसी, कासगंज
Published by: Dhirendra Singh
Updated Wed, 25 Nov 2026 12:37 PM IST
सार
कासगंज में निर्माणाधीन मथुरा-बरेली हाईवे किनारे करीब 32 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिला है। महिला के हाथ में मिले बीयर के कैन की जांच में उसके बदायूं के सहसवान क्षेत्र से खरीदे जाने का पता चला है।
विज्ञापन
मौके पर जांच करती पुलिस
- फोटो : वीडियो ग्रेब
विस्तार
कासगंज में निर्माणाधीन मथुरा-बरेली हाईवे पर कायमपुर बहेड़िया गांव के सामने बुधवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव पड़ा मिला। सूचना पर एसपी और सीओ सदर कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। महिला के हाथ में बीयर का कैन मिला, जो बदायूं से खरीदा गया था। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव को हाईवे किनारे लाकर फेंका गया है।
विज्ञापन
गांव गोरहा निवासी राज बुधवार सुबह साथी पवन कुमार के साथ दौड़ने के लिए मथुरा-बरेली हाईवे पर निकले थे। इस दौरान उन्हें कायमपुर बहेड़िया गांव के सामने सुरेंद्र के बाग के पास एक अज्ञात महिला का शव पड़ा दिखा। उन्होंने इसकी जानकारी कॉल करके पुलिस को दी। सूचना पर सदर कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। एसपी ओपी सिंह और सीओ सदर आंचल चौहान ने भी पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। जांच में सामने आया कि महिला की उम्र करीब 32 वर्ष है। उसकी नाक के बायीं तरफ हल्की खरोंच और गर्दन के दाहिनी तरफ नाखून से खरोंच जैसे निशान थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
महिला सफेद और काले रंग का गर्म कुर्ता और काले रंग का पजामा पहने थी। उसके बायें हाथ में 'द्वारकाधीश' लिखा लाल धागा बंधा था। बायें हाथ में एक बीयर की कैन मिली, जिसका बारकोड स्कैन करने पर पता चला कि उसे बदायूं जिले के सहसवान थाना क्षेत्र में शहबाजपुर से खरीदा गया था। महिला के शव के पास एक नीले रंग का लेडीज पर्स मिला, जिसमें कुछ प्रसाद, पेन, चाबियां एवं मेकअप का सामान था।
पुलिस मृतका की शिनाख्त करने में जुटी है। प्रथम दृष्टया महिला के शव को किसी दूसरे स्थान से लाकर फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के खुलासे और महिला की शिनाख्त के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही हैं।
सीओ सदर आंचल चौहान ने बताया कि निर्माणाधीन हाईवे किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिला है। महिला की उम्र करीब 32 वर्ष है। घटनास्थल का निरीक्षण करने से प्रतीत हो रहा है कि महिला का शव कहीं और से लाकर फेंका गया है। महिला के शरीर पर गंभीर चोट के निशान नहीं हैं। मौत का कारण जानने को पोस्टमार्टम के लिए शव को मोर्चरी भेजा गया है। महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
