Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Agra News ›   Agra Road Accidents: Kuberapur Crossing Turns into a Death Trap, Multiple Families Devastated by Heavy Vehicle

खतरनाक हाईवे: किसी ने पिता खोया, किसी का उजड़ गया सुहाग...कुबेरपुर चौराहे पर मौत का तांडव, फिर भी अफसर मौन

Mon, 23 Nov 2026 10:33 AM IST
Dhirendra Singh अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा
अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा Published by: Dhirendra Singh Updated Mon, 23 Nov 2026 10:33 AM IST
सार

आगरा के कुबेरपुर चौराहे पर तेज रफ्तार भारी वाहनों की चपेट में आकर कई लोग जान गंवा चुके हैं। किसी परिवार ने पिता खोया तो किसी का सुहाग उजड़ गया, पीछे छूटे बच्चे आर्थिक तंगी और पढ़ाई छूटने की मजबूरी से जूझ रहे हैं।
 

विज्ञापन
Agra Road Accidents: Kuberapur Crossing Turns into a Death Trap, Multiple Families Devastated by Heavy Vehicle
परिवार के लोग - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

सड़क हादसों ने कई परिवारों को जिंदगीभर का गम दे दिया है। चर्चा होते ही परिजन की आंखें छलक उठती हैं। किसी ने कलेजे का टुकड़ा खोया तो किसी के सिर से पिता का साया। अपनों को खोने वाले परिजन का कहना है कि उत्तरी बाईपास पर भारी वाहनों के न जाने से हाईवे पर लोगों की जान जा रही है और अफसर मौन हैं।
विज्ञापन


एत्मादपुर का कुबेरपुर चौराहा किसी मौत के कट से कम नहीं है। यहां पर तेज रफ्तार ट्रक सहित अन्य भारी वाहन निकलते हैं। शाम से रात तक लोगों को जान जोखिम में डालकर रास्ता पार करना पड़ता है। कई लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है।
विज्ञापन


बिखर गया सत्यवीर का परिवार
बड़ा भागूपुर, एत्मादपुर निवासी सत्यवीर प्लंबर थे। वह 18 दिसंबर, 2025 को शहर गए थे। रात में घर लौटते समय वह कुबेरपुर चौराहे पर आए। वहां से सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी पूनम और 10 साल की बेटी रागिनी हैं। पति की मौत से पूनम का सहारा छिन गया। चाची शीला देवी ने बताया कि सत्यवीर के पिता छोटेलाल की 40 साल पहले खेत पर पानी लगाते समय कुएं में गिरने से मौत हुई थी। पति के गम में बैजयंती देवी ने भी डेढ़ महीने बाद दम तोड़ दिया। छोटेलाल के तीन बेटे थे। हरवीर बड़ा, सत्यवीर मझला और छोटा रविंद्र। उन्होंने ही तीनों का पालन-पोषण किया। सत्यवीर की मौत के बाद उनकी पत्नी मायके चली गई। उनका पूरा परिवार ही बिखर गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


बेटों को पढ़ाई बंद, करना पड़ रहा काम
नगला खरगा, एत्मादपुर निवासी विजय सिंह पेंटर थे। 13 दिसंबर, 2025 को उनके बेटे दीपक का एक्सीडेंट हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के लिए रुपयों की जरूरत थी। विजय सिंह रुपयों का इंतजाम करने घर से निकले थे। कुबेरपुर चौराहे पर सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज गति से आते ट्रक की चपेट में आ गए। ट्रक के आगे का हिस्सा उनके सिर से टकरा गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनके चार बच्चे मनोज, दीपक, सनी और सोनिया हैं। बेटे मनोज ने बताया कि पिता की मौत के बाद से मां रेखा देवी की तबीयत खराब रहती है। परिवार को कोई आर्थिक सहायता भी नहीं मिली। बेटों का काम करना पड़ रहा है, उनकी पढ़ाई बंद हो गई है।

काम से लौटते समय गई राकेश की जान
नगला खरगा, एत्मादपुर निवासी राकेश की भी कुबेरपुर चौराहे पर मौत हुई। 20 फरवरी को वह अपने ढलाई कारखाने से काम कर घर लौट रहे थे। सड़क पार करते समय तेज गति से आते ट्रक ने उन्हें चपेट में ले लिया। मौके पर ही मौत हो गई। उनके चार बेटे 19 साल का सोमवीर, 17 साल का करन, 14 साल का तन्वय और 11 साल का प्रशांत है। पत्नी शीला देवी ने बताया कि पति की मौत के बाद गांव के लोगों ने आर्थिक सहायता दिलाने के लिए आवेदन कराया। खाता भी खुलवा लिया मगर आज तक रकम नसीब नहीं हुई। बेटा सोमवीर पिता की मृत्यु के पहले से ही लापता हो गया था। वह खुद छोटे काम कर किसी तरह घर का खर्च चला रही हैं। शीला देवी ने कहा कि हाईवे पर ट्रक और ट्रॉला बिना रोकटोक दौड़ रहे हैं। कई लोगों की मौत हुई लेकिन अफसरों का ध्यान इस ओर नहीं है।


पत्नी-भाभी की हालत गंभीर, पिता की गई जान
शाहदरा फ्लाईओवर पर 18 नवंबर की दोपहर करीबन ढाई बजे गलत दिशा से आती डीसीएम से कपड़ा व्यापारी सत्येंद्र जैन की कार टकरा गई थी। वह टूंडला से सत्संग में शामिल होकर घर लौट रहे थे। हादसे में उनकी मौत हो गई। उनकी पत्नी सुनीता जैन और भाभी गुनमाला जैन गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को खंदारी स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बनी है। सत्येंद्र कुमार जैन नॉर्थ विजय नगर कॉलोनी के रहने वाले थे। बेटे राहुल जैन ने बताया कि चालक अब तक पकड़ा नहीं जा सका है। रिश्तेदार राजकुमार ने बताया कि पिता की मौत के बाद बेटा दुखी है। एक तरफ पिता नहीं रहे, दूसरी तरफ मां और ताई भी जिंदगी और मौत के बीच झूल रही हैं। प्रशासन को हाईवे पर भारी वाहनों पर रोक लगानी चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed