भारत ने 10वीं बार जीती सैफ चैंपियनशिप: फिर पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर; मैदान पर दिखा अलग नजारा
सैफ चैंपियनशिप के फाइनल में भारत से हारने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने ऐसा कदम उठाया, जिसने सबका ध्यान खींचा। क्रिकेट के मैदान पर दोनों देशों के बीच दिखने वाली तल्खी से इतर फुटबॉल में खेल भावना की खूबसूरत तस्वीर सामने आई। भारत ने 10वीं बार खिताब जीता।
विस्तार
भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव का असर पिछले कुछ समय से क्रिकेट के मैदान पर भी देखने को मिला है। दोनों देशों के खिलाड़ी मैच से पहले और बाद में हाथ मिलाने से बचते रहे हैं। हालांकि, फुटबॉल के मैदान पर मंगलवार को एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में सैफ चैंपियनशिप 2026 के फाइनल में भारत से हारने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने खेल भावना की शानदार मिसाल पेश की। उन्होंने चैंपियन बनी भारतीय टीम को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस पल का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
ढाका के नेशनल स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 2-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। मुकाबला खत्म होने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ी और कोच एक कतार में खड़े हो गए। उन्होंने मैदान से गुजर रही भारतीय टीम को गार्ड ऑफ ऑनर देकर जीत की बधाई दी। इसके अलावा पदक वितरण समारोह के दौरान भी दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाए और हाई-फाइव किया। पाकिस्तान का यह व्यवहार खेल भावना का खूबसूरत उदाहरण बन गया।
Pakistan gives a Guard of Honour to Champions India 🇮🇳 🔥 Our #IndianFootball Team wins the SAFF Championship 2026 by defeating Pakistan 2-1 in the grand finale 🏆 https://t.co/W6r36RGMTg
— Indian Football Updates (@IndianFootyBest) November 17, 2026
भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले डेढ़ साल से क्रिकेट मुकाबलों में हाथ मिलाने की परंपरा टूटती नजर आई है। 2025 में पहलगाम आतंकी हमले में कई निर्दोष लोगों की जान जाने और इसके बाद ऑपरेशन सिंदूर के कारण दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा था। हालांकि, सैफ चैंपियनशिप में दोनों टीमों ने अलग रुख अपनाया। पांच नवंबर को ग्रुप मुकाबले से पहले भारतीय कोच नौशाद मूसा और डिफेंडर नाथन रोड्रिग्स ने हाथ मिलाने की परंपरा निभाने की बात कही थी। कप्तान बिजॉय वर्गीस ने पाकिस्तानी कप्तान यूसुफ इजाज बट से हाथ भी मिलाया था। भारत ने वह मुकाबला 3-2 से जीता था।
Pakistan team gave guard of honor after India won the SAFF Championship final. Sports spirit. https://t.co/pxwciN3nKw
— Himanshu Pareek (@Sports_Himanshu) November 17, 2026
फाइनल में पाकिस्तान ने पहला गोल कर भारत को चौंका दिया था। अलमगीर गाजी ने पहले हाफ के इंजरी टाइम में गोल करके टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि, 59वें मिनट में जुनैद शाह को खतरनाक टैकल के कारण वीएआर की समीक्षा के बाद रेड कार्ड दिखाया गया। एक खिलाड़ी कम होने का पाकिस्तान को नुकसान उठाना पड़ा। भारत के सुहैल अहमद भट ने 60वें मिनट में बराबरी का गोल दागा। इसके बाद 88वें मिनट में संदीप मंडी ने निर्णायक गोल करके भारत को 2-1 से जीत दिला दी।
इस जीत के साथ भारत ने रिकॉर्ड 10वीं बार सैफ चैंपियनशिप का खिताब जीता। टीम ने लगातार तीसरी बार यह ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं, पाकिस्तान पहली बार इस प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचा था। भारत ने इस टूर्नामेंट में अंडर-23 कोच नौशाद मूसा के मार्गदर्शन में युवा खिलाड़ियों से सजी दूसरी श्रेणी की टीम उतारी थी।
