मच्छरों के कारण होने वाली बीमारियां और उससे मौत के मामले वैश्विक स्तर गंभीर चिंता का विषय रहे हैं। हर साल इससे लाखों लोगों की मौत हो जाती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, साल 2024 में दुनियाभर के 80 देशों में मलेरिया के लगभग 28.2 करोड़ मामले सामने आए और 6.10 लाख से अधिक लोगों की मौत हुई। यह 2023 की तुलना में लगभग 9 मिलियन मामलों (3%) की वृद्धि है। भारत भी इस समस्या से गंभीर रूप से प्रभावित रहा है, हालांकि भारत के लिहाज से मलेरिया की रोकथाम और इससे मौत को कम करने में बड़ी सफलता मिली है।
बड़ा सवाल: मलेरिया के खिलाफ भारत को मिली बड़ी सफलता, क्या अगले चार साल में बीमारी से मुक्त हो पाएगा देश?
Malaria Cases In India: भारत में 2015 से 2025 के बीच मलेरिया के मामले और मौतें करीब 80 प्रतिशत घटी हैं। 2030 तक मलेरिया उन्मूलन का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि, जलवायु परिवर्तन, शहरीकरण और कीटनाशकों के प्रति मच्छरों का बढ़ता प्रतिरोध नई चुनौती हैं।
मलेरिया की रोकथाम की दिशा में मिली सफलता
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार (17 नवंबर) को एक कार्यक्रम के दौरान इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 2015 से 2025 के बीच भारत में मलेरिया के मामलों और इससे होने वाली मौतों में लगभग 80% की कमी आई है। साथ ही उन्होंने आगाह किया कि जलवायु परिवर्तन, बिना किसी सही योजना के तेजी से बढ़ता शहरीकरण और मच्छरों में कीटनाशकों के प्रति बढ़ता प्रतिरोध आने वाले समय में मलेरिया को खत्म करने की कोशिशों में नई मुश्किलें पैदा कर सकते हैं।
- राष्ट्रपति ने कहा कि मलेरिया आज भी भारत समेत दुनिया के कई देशों के लिए एक गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्या बना हुआ है। अब इस दिशा में काफी सुधार हुआ है।
- साल 2022 से 2025 के बीच देश के 160 जिलों में स्थानीय स्तर पर मलेरिया का एक भी मामला सामने नहीं आया।
- यह इस बात का संकेत है कि देश के कई हिस्सों में मलेरिया का संक्रमण रोकने में सफलता मिल रही है।
बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, आधुनिक जांच तकनीकों, प्रभावी दवाओं, मच्छरों को नियंत्रित करने के अभियानों की मदद से मलेरिया के मामलों में कमी लाने में मदद मिली है। हालांकि देश के कुछ इलाकों में मलेरिया अब भी चुनौती बना हुआ है। इसलिए लगातार निगरानी और प्रभावी प्रयास जारी रखना जरूरी है।
क्या हैं मलेरिया की चुनौतियां?
गौरतलब है कि मलेरिया से संक्रमित मादा एनोफेलेस नाम के मच्छर के काटने से ये बीमारी फैलती है। ये जमा पानी वाली जगहों जैसे बर्तनों, टंकियों और अन्य जगहों पर पनप सकता है। भारत का लक्ष्य साल 2030 तक देश से मलेरिया को खत्म करना है, पर इस दिशा में अब भी कई सारी मुश्किलें खड़ी नजर आ रही हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत को मलेरिया नियंत्रण में जो सफलता मिली है, उसके पीछे कई प्रयासों का संयुक्त योगदान रहा है। दुनिया की कुल आबादी का करीब 16 प्रतिशत हिस्सा भारत में रहता है, लेकिन दुनियाभर में मलेरिया के कुल मामलों में भारत की हिस्सेदारी लगभग 0.7 प्रतिशत और मलेरिया से होने वाली मौतों में हिस्सेदारी करीब 0.6 प्रतिशत है।
साल 2024 में भारत विश्व स्वास्थ्य संगठन डब्ल्यूएचओ के हाई बर्डन टू हाई इम्पैक्ट समूह से बाहर हो गया। इस समूह में उन देशों को रखा जाता है, जहां मलेरिया के मामलों का बोझ ज्यादा होता है और बीमारी पर नियंत्रण के लिए विशेष प्रयासों की जरूरत होती है। उन्होंने भरोसा जताया कि भारत 2030 तक मलेरिया को खत्म करने का लक्ष्य हासिल कर सकता है।
मलेरिया खत्म करने के लिए किन बातों पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, मलेरिया को खत्म करने की दिशा में लगातार प्रयास करते रहने की जरूरत है। कुछ उपाय इस दिशा में बहुत उपयोगी साबित हो सकते हैं।
- जिन लोगों में मलेरिया के लक्षण दिखाई देते हैं, उनकी समय पर जांच सुनिश्चित करना जरूरी है। इसके लिए रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट का इस्तेमाल किया जाता है। इससे से कम समय में मलेरिया की पहचान की जा सकती है। माइक्रोस्कोपी जांच में मलेरिया के परजीवी की मौजूदगी का पता लगाया जाता है।
- जिन लोगों में मलेरिया की पुष्टि होती है, उन्हें बीमारी के प्रकार के अनुसार सही एंटीमलेरियल दवाएं दी जानी चाहिए। साथ ही डॉक्टर ने जितने दिनों तक दवा लेने की सलाह दी है, उसका पूरा कोर्स करना जरूरी है। बीच में दवा छोड़ने से इलाज प्रभावित हो सकता है।
- मलेरिया फैलाने वाले मच्छरों को रोकने के लिए घरों के अंदर कीटनाशकों का छिड़काव, कीटनाशक लगी मच्छरदानियों का इस्तेमाल और आसपास के वातावरण की सफाई जैसे उपाय जरूरी हैं।
- जिन इलाकों में मलेरिया के मामले सामने आते हैं, वहां संक्रमण पर लगातार नजर रखना जरूरी है। खासकर उन जिलों में विशेष निगरानी की जरूरत है, जहां अब मामले बहुत कम हो गए हैं। इससे संक्रमण दोबारा फैलने पर समय रहते कदम उठाए जा सकते हैं।
- मलेरिया की जल्दी पहचान करने वाली बेहतर जांच तकनीकें, प्रभावी दवाएं और वैक्सीन विकसित करने पर शोध जारी रखना जरूरी है। इसके अलावा ऐसे उपाय तलाशने होंगे, जिनसे कीटनाशकों के प्रति मच्छरों में बढ़ते प्रतिरोध की समस्या से निपटा जा सके।
- मलेरिया को खत्म करने के लिए लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। हर परिवार को अपने घर और आसपास पानी जमा होने से रोकना चाहिए। बुखार होने पर समय पर जांच करानी चाहिए और मलेरिया की पुष्टि होने पर पूरा इलाज लेना चाहिए।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
