UP Big News: रोड शो में मासूम की मौत पर सियासत, 'आजम खां सपा का गुलाम', यूपी में समय से पहले आएगी सर्दी
सपा नेता आजम खां ने जेल से निकलने के बाद पहली बार चुप्पी तोड़ी है। वहीं, यूपी सरकार के मंत्री ने उन्हें चुनौती दी है। पढ़ें प्रदेश की प्रमुख सुखियां
विस्तार
गोरखपुर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से भाजपा नेता के बेटे की मौत मामले में जमकर सियासी बयानबाजी हो रही है। मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने घटना पर शोक संदेश तक नहीं जारी किया है। वहीं, अखिलेश यादव ने भाजपा पर मामले में राजनीति करने का आरोप लगाया है। आजम खां की जेल से रिहाई के बाद यूपी सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि आजम खां में अगर दम है तो अखिलेश यादव से कहें कि 2027 में किसी मुसलमान को प्रदेश मुख्यमंत्री घोषित करें। वहीं, सपा नेता आजम खां ने जेल से रिहा होने के बाद पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस की और भाजपा सरकार पर नफरत फैलाने का आरोप लगाया। यूपी में मौसम में बदलाव होने जा रहा है। चक्रवात अकवान के कारण प्रदेश में सर्दी जल्दी ही दस्तक देगी। एक अन्य खबर में बलरामपुर में हुए एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। खबरें अब विस्तार से:
निर्दोष बच्चे का क्या कसूर था? संवेदना का एक शब्द तक नहीं आया; सीएम ने बिना नाम लिए अखिलेश पर कसा तंज
सीएम योगी ने अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल जेसीबी की चपेट में आए बच्चे की मौत पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रशासन को निर्देश दिया है कि सड़कों पर अराजकता फैलाने वाले उपद्रवियों को चिह्नित कर ऐसी सजा दिलाई जाए, जिसे उनकी पीढ़ियां याद रखें। उन्होंने कहा कि झंगहा से पढ़ाई के लिए आए 12-13 वर्षीय मासूम छात्र का क्या कसूर था, जिसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। पढ़ें पूरी खबर
रोड शो में मासूम की मौत पर अखिलेश ने जताया शोक, बोले- दुर्भाग्यपूर्ण हादसे पर राजनीति कर रहे लोग
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर में रोड शो के दौरान हादसे में भाजपा नेता के 14 वर्षीय बेटे आर्य वर्धन सिंह की मौत पर शोक जताया है साथ ही मामले पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर बयान जारी कर कहा कि किसी मासूम की हादसे में हुई मृत्यु से हम सब आहत हैं और परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते है और अपने लोगों से उस परिवार से मिलकर उनकी हर संभव सहायता करने के लिए कह चुके हैं। पढ़ें पूरी खबर
यूपी: मंत्री राजभर बोले, 'अपनी जान बचाएं आजम, हिम्मत है तो अखिलेश से मुसलमान को सीएम बनाने के बारे में कहें'
सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद सपा नेता आजम खां जेल से रिहा होकर रामपुर पहुंच गए हैं। रामपुर में उन्होंने जनता से कहा कि 2027 का चुनाव इंकलाब होगा। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए यूपी सरकार के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि आजम खान पहले तो अपनी जान बचाएं। उन्होंने जिंदगी भर गुलामी की है। उन्होंने कहा कि मैं आजम खान को चुनौती देता हूं कि अगर उनमें हिम्मत है तो अखिलेश यादव से यूपी का अगला मुख्यमंत्री किसी मुसलमान को घोषित करने की बात करें। अखिलेश यादव उन्हें पार्टी से निकालकर बाहर कर देंगे। पढ़ें पूरी खबर
यूपी: सपा नेता आजम खां ने जांच एजेंसियों और संवैधानिक संस्थाओं पर उठाए सवाल
रामपुर में सपा नेता आजम खां ने रिहा होने के बाद पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा, ईडी, सीबीआई और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। आरोप लगाया कि यूपी में नफरत का एजेंडा फैलाया जा रहा है और उनके साथ अमानवीय व्यवहार हुआ। पढ़ें पूरी खबर
यूपी में चक्रवात की वजह से समय से पहले आएगी सर्दी, इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी; गिरेगा पारा
यूपी में मौसम एक बार फिर से बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात की वजह से कई जिलों भारी बारिश हो सकती है। वहीं, चक्रवात के कारण प्रदेश में सर्दी जल्दी दस्तक देगी। पढ़ें पूरी खबर
बलरामपुर में कोहरे के कारण बाइकों में भिड़ंत, पांच युवकों की मौत
बलरामपुर-उतरौला मार्ग पर बुधवार देर रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने ऐसी भिड़ंत हुई कि पांच परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए उजड़ गईं। उतरौला क्षेत्र के अक्सीबड़हरा गांव के पास हुए इस दर्दनाक हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर
