Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jharkhand ›   Ranchi News ›   justice vibhu bakhru new chief justice jharkhand high court ms sonak farewell

झारखंड: हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश होंगे विभु बाखरू, 27 नवंबर को जस्टिस एमएस सोनक को फुलकोर्ट फेयरवेल

Wed, 25 Nov 2026 07:50 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची Published by: आशुतोष प्रताप सिंह Updated Wed, 25 Nov 2026 07:50 AM IST
सार

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने न्यायमूर्ति विभु बाखरू को झारखंड हाईकोर्ट का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। वर्तमान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एमएस सोनक 27 नवंबर को सेवानिवृत्त होंगे।

विज्ञापन
justice vibhu bakhru new chief justice jharkhand high court ms sonak farewell
झारखंड हाईकोर्ट - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

झारखंड उच्च न्यायालय को जल्द ही नया मुख्य न्यायाधीश मिलने जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने न्यायमूर्ति विभु बाखरू को झारखंड हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। वर्तमान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति महेश शरदचंद्र सोनक 27 नवंबर को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। उनके सम्मान में इसी दिन हाईकोर्ट परिसर में फुलकोर्ट फेयरवेल रेफरेंस आयोजित किया जाएगा।

विज्ञापन

मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एमएस सोनक के सम्मान में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम दोपहर 1:45 बजे हाईकोर्ट परिसर स्थित कोर्ट नंबर एक में शुरू होगा। गौरतलब है कि झारखंड में पूर्णकालिक मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हाल ही में सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम और भारत के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर आग्रह किया था।

विज्ञापन

नवंबर 2028 तक रहेगा कार्यकाल

न्यायमूर्ति विभु बाखरू की नियुक्ति की सिफारिश के बाद झारखंड हाईकोर्ट को अनुभवी न्यायिक नेतृत्व मिलने का रास्ता साफ हुआ है। उनका निर्धारित सेवा कार्यकाल 1 नवंबर 2028 तक है। ऐसे में यदि वह झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का पदभार संभालते हैं तो राज्य को करीब दो साल तक उनका नेतृत्व मिलेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

न्यायमूर्ति बाखरू को वाणिज्यिक, कर और कॉर्पोरेट कानूनों का विशेषज्ञ माना जाता है। झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध औद्योगिक राज्य है। यहां खनन, प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष करों के साथ कॉर्पोरेट मामलों से जुड़े कई कानूनी विवाद सामने आते हैं। ऐसे में उनके कानूनी अनुभव का लाभ इन मामलों के निस्तारण में मिल सकता है।

नागपुर में जन्म, दिल्ली में हुई पढ़ाई

न्यायमूर्ति विभु बाखरू का जन्म 2 नवंबर 1966 को महाराष्ट्र के नागपुर में हुआ था। हालांकि, उनका बचपन और शुरुआती शिक्षा दिल्ली में हुई। उन्होंने नई दिल्ली के दिल्ली पब्लिक स्कूल, मथुरा रोड से स्कूली शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद 1987 में दिल्ली विश्वविद्यालय से बीकॉम ऑनर्स की डिग्री हासिल की।

वाणिज्य की पढ़ाई के बाद उन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंसी की परीक्षा उत्तीर्ण की। वर्ष 1989 में इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) से सीए की अंतिम परीक्षा पास की। इसके बाद कानून के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए 1990 में दिल्ली विश्वविद्यालय के लॉ सेंटर-1 से एलएलबी की डिग्री प्राप्त की।

सुप्रीम कोर्ट से दिल्ली हाईकोर्ट तक वकालत का सफर

न्यायमूर्ति बाखरू ने वर्ष 1990 में दिल्ली बार काउंसिल में पंजीकरण के साथ वकालत शुरू की थी। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली हाईकोर्ट और कंपनी लॉ बोर्ड में वाणिज्यिक, कर और कॉर्पोरेट कानूनों से जुड़े मामलों की पैरवी की। उनकी विशेषज्ञता को देखते हुए जुलाई 2011 में उन्हें वरिष्ठ अधिवक्ता नामित किया गया।

अप्रैल 2013 में उन्हें दिल्ली हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया। करीब 12 वर्षों के न्यायिक कार्यकाल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण संवैधानिक और वाणिज्यिक मामलों की सुनवाई की। दिसंबर 2024 से जनवरी 2025 तक उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी भी संभाली।

इसके बाद 19 जुलाई 2025 को उन्होंने कर्नाटक हाईकोर्ट के 35वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। अब सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश के बाद उनके झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बनने का रास्ता खुला है।

निजी जीवन को सार्वजनिक मंचों से रखते हैं दूर

न्यायमूर्ति विभु बाखरू अपनी सादगी और शांत कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। वह निजी और पारिवारिक जीवन को सार्वजनिक मंचों तथा मीडिया से दूर रखना पसंद करते हैं। यही वजह है कि उनके परिवार से जुड़ी व्यक्तिगत जानकारियां सार्वजनिक रूप से बहुत सीमित उपलब्ध हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed