Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jammu and Kashmir ›   Jammu News ›   A conspiracy to facilitate cheating was hatched by bringing the question paper of an absent candidate

एफएए परीक्षा में बड़ा खुलासा: 15 मिनट बाद शुरू हुआ पेपर लीक का खेल, सरकारी कर्मचारियों ने रची नकल की साजिश

Mon, 23 Nov 2026 10:38 AM IST
Nikita Gupta अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू Published by: Nikita Gupta Updated Mon, 23 Nov 2026 10:38 AM IST
सार

एफएए परीक्षा में नकल कराने की साजिश के तहत गैरहाजिर अभ्यर्थी का प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्र से बाहर निकालकर उसकी फोटो टेलीग्राम ग्रुप में साझा की गई। इस मामले में छह सरकारी कर्मचारियों समेत 20 लोग गिरफ्तार हुए हैं।

विज्ञापन
A conspiracy to facilitate cheating was hatched by bringing the question paper of an absent candidate
प्रेसवार्ता करते एसएसपी जम्मू - फोटो : संवाद

विस्तार

फाइनेंस अकाउंट असिस्टेंट (एफएए) परीक्षा में नकल कराने के लिए गैरहाजिर अभ्यर्थी का प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्र से बाहर लाया गया था। इसमें परीक्षा केंद्र में तैनात तीन सरकारी कर्मचारियों की भूमिका रही। केंद्र के बाहर कार में मुख्य आरोपी ने इसकी फोटो ली और फिर तीन सदस्यों वाले टेलीग्राम ग्रुप में साझा किया। इसके बाद प्रश्नपत्र वापस परीक्षा केंद्र में पहुंचा दिया गया। मामले में अब तक छह सरकारी कर्मचारी समेत 20 लोग गिरफ्तार हैं। एक आरोपी फरार है।

विज्ञापन

जम्मू के एसएसपी जोगिंदर सिंह ने रविवार को प्रेस वार्ता में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। मुख्य सरगना सरकारी कर्मचारी है। उसने एक करीबी रिश्तेदार और एक दोस्त को नकल कराने की साजिश रची थी। इसके लिए टेलीग्राम पर तीन सदस्यों का ग्रुप बनाया गया। वह परीक्षा केंद्र में ड्यूटी पर लगे कुछ कर्मचारियों के संपर्क में था।

एसएसपी ने बताया कि परीक्षा शुरू होने के 15 से 20 मिनट बाद अनुपस्थित अभ्यर्थियों की मेज पर रखे प्रश्नपत्र एकत्र कर एक कमरे में रखे गए थे। वहां तैनात एक कर्मचारी ने इनमें से एक प्रश्नपत्र निकाला। वह खुद बाहर नहीं जा सकता था, ऐसे में प्रश्नपत्र दूसरे कर्मचारी को दे दिया। दूसरे कर्मचारी ने इसे बाहर कार में बैठे मुख्य आरोपी तक पहुंचाया।

मुख्य आरोपी ने प्रश्नपत्र की फोटो खींची और फिर वापस परीक्षा केंद्र में पहुंचा दिया। इसके बाद प्रश्नपत्र की फोटो टेलीग्राम ग्रुप में साझा की गईं। ग्रुप में केवल तीन लोग थे। पहले दो आरोपियों ने प्रश्नपत्र से एक-एक अभ्यर्थी को नकल करवाई। तीसरे ने मुख्य सरगना व अन्य की जानकारी के बिना एक अन्य ग्रुप बना रखा था। उसने इसके माध्यम से अन्य 20 से 22 अभ्यर्थियों से संपर्क कर रखा था।

10-12 लाख रुपये में डील: जांच में सामने आया है कि तीसरे आरोपी ने प्रति अभ्यर्थी नकल के बदले 10 से 12 लाख रुपये में साैदा किया था। उसने अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेज और चार-पांच से ब्लैंक चेक भी ले लिए थे ताकि परीक्षा पास होने के बाद भुगतान वसूला जा सके। अब तक 1.80 लाख के लेनदेन का पता चला है। इसमें 1.40 लाख बरामद किए जा चुके हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन

यूट्यूब और गूगल से सीखे नकल के तरीके पुलिस जांच में सामने आया
आरोपियों ने परीक्षा में नकल कराने के तरीके और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल की जानकारी यूट्यूब, गूगल, फेसबुक और अन्य एप्स से जुटाई। उन्होंने नकल की तकनीक को समझकर उसी के आधार पर पूरी साजिश रची। पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का वैज्ञानिक एवं फोरेंसिक विश्लेषण कराएगी। मामले में दोमाना थाने में तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। जांच एसआईटी कर रही है।

जूनियर स्तर का कर्मचारी है गिरोह का मुख्य सरगना
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि गिरफ्तार 20 लोगों में से छह सरकारी कर्मचारी हैं। इनमें डेलीवेजर्स भी हैं। साजिश का मुख्य सरगना जूनियर स्तर का सरकारी कर्मचारी है। तीन सरकारी कर्मचारियों ने परीक्षा केंद्र से प्रश्नपत्र बाहर निकाले की साजिश रची जबकि तीन ने मददगारों की मदद की। सभी आरोपी कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को सूचना भेज दी गई है। आपराधिक कार्रवाई भी जारी है। उन्होंने कहा, गिरफ्तार आरोपियों में कोई भी जेकेएसएसबी का कर्मचारी नहीं है। पुलिस ने आराेपी सरकारी कर्मचारियों के नाम उजागर नहीं किए हैं।

विज्ञापन

तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी से भंडाफोड़
एसएसपी ने बताया कि 15 नवंबर को परीक्षा वाले दिन तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी गिरफ्तारी से पूरा नेटवर्क टूट गया। उसका इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम जब्त कर लिया गया जिससे प्रश्नपत्र के जवाब संभावित लाभार्थियों तक पहुंचने से रुक गए। हालांकि, पहले दो आरोपियों के चिह्नित अभ्यर्थी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स से नकल करने में सफल रहे थे, जिन्हें परीक्षा के बाद गिरफ्तार कर लिया गया था। पूरी साजिश 25 से 26 अभ्यर्थियों को नकल कराने की थी।

20 अभ्यर्थियों को नोटिस भेजे
पुलिस ने लाभार्थी माने जा रहे 20 अभ्यर्थियों को पूछताछ के लिए नोटिस भेजे हैं। एसएसपी ने कहा कि पूछताछ और फोरेंसिक रिपोर्ट से इस नेटवर्क की अन्य कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।

493 केंद्रों पर हुई थी परीक्षा
परीक्षा 15 नवंबर को 493 केंद्रों में हुई थी। 600 पदों के लिए 1,61,946 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। जम्मू पुलिस ने दोमना में नकल गिरोह के लोगों को पकड़ा था। आरोपियों से आठ वायरलेस सेट, 22 मोबाइल फोन व 5 वाहन जब्त किए हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed