Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   CM Suvendu reverses Mamata decision Dham removed from Jagannath Temple in Digha Odisha CM expresses gratitude

सीएम शुभेंदु ने पलटा ममता सरकार का फैसला: दीघा में जगन्नाथ मंदिर से हटा धाम शब्द, ओडिशा के सीएम ने जताया आभार

Thu, 26 Nov 2026 03:01 PM IST
प्रशांत तिवारी पीटीआई, भुवनेश्वर।
पीटीआई, भुवनेश्वर। Published by: प्रशांत तिवारी Updated Thu, 26 Nov 2026 03:01 PM IST
सार

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के अनुरोध पर दीघा के जगन्नाथ मंदिर के नाम से 'धाम' शब्द हटा दिया है। अब मंदिर 'श्री श्री जगन्नाथ मंदिर' और पूरा परिसर 'श्री श्री जगन्नाथ कल्चरल सेंटर' कहलाएगा। ओडिशा सरकार ने इसे पुरी के धार्मिक महत्व और श्रद्धालुओं की भावनाओं के सम्मान की दिशा में अहम कदम बताया है।

विज्ञापन
CM Suvendu reverses Mamata decision Dham removed from Jagannath Temple in Digha Odisha CM expresses gratitude
'श्री श्री जगन्नाथ मंदिर' हुआ 'श्री श्री जगन्नाथ कल्चरल सेंटर - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुबेंदु अधिकारी का धन्यवाद किया है। मामला पश्चिम बंगाल के दीघा में बने जगन्नाथ मंदिर के नाम से 'धाम' शब्द हटाने का है। अब इस मंदिर का नाम बदलकर 'श्री श्री जगन्नाथ मंदिर' कर दिया गया है, जबकि पूरे परिसर को 'श्री श्री जगन्नाथ कल्चरल सेंटर' के नाम से जाना जाएगा। ओडिशा सरकार ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि इससे पुरी के सदियों पुराने धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व का सम्मान बना रहेगा।

विज्ञापन


माझी के अनुरोध पर लिया गया फैसला
दरअसल, दीघा में बने जगन्नाथ मंदिर को पहले 'जगन्नाथ धाम' नाम दिया गया था। इस नाम को लेकर ओडिशा में काफी नाराजगी थी। ओडिशा के लोगों और पुरी के जगन्नाथ मंदिर से जुड़े लोगों का मानना था कि 'जगन्नाथ धाम' नाम का विशेष धार्मिक महत्व है और इसकी पहचान पुरी के 12वीं सदी के श्री जगन्नाथ मंदिर से जुड़ी हुई है। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पश्चिम बंगाल सरकार से दीघा मंदिर के नाम से 'धाम' शब्द हटाने की अपील की थी।
विज्ञापन


शुभेंदु अधिकारी ने चिट्ठी लिखकर दी जानकारी
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुबेंदु अधिकारी ने 23 नवंबर को मोहन चरण माझी को पत्र लिखकर फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मामले पर विचार करने के बाद दीघा मंदिर परिसर का नाम बदल दिया गया है। अधिकारी ने पत्र में कहा कि मंदिर का नया नाम 'श्री श्री जगन्नाथ मंदिर' होगा और पूरे परिसर को 'श्री श्री जगन्नाथ कल्चरल सेंटर' कहा जाएगा। उनके मुताबिक, नए नाम मंदिर की धार्मिक पवित्रता और परिसर के सांस्कृतिक स्वरूप, दोनों को सही तरीके से दर्शाते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


माझी बोले- भक्तों की भावनाओं का रखा गया ध्यान
शुभेंदु अधिकारी का पत्र मिलने के बाद मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दीघा मंदिर के नाम में 'जगन्नाथ धाम' शब्द का इस्तेमाल किए जाने से ओडिशा के श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई थीं। माझी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि सुबेंदु अधिकारी ने पहले की घोषणा के बाद अब इस फैसले को आधिकारिक रूप भी दे दिया है। उन्होंने ओडिशा की जनता की ओर से पश्चिम बंगाल सरकार और मुख्यमंत्री का आभार जताया।

दोनों राज्यों के बीच सांस्कृतिक रिश्ते होंगे मजबूत
माझी ने इस फैसले को दोनों राज्यों के बीच आपसी सहयोग और सांस्कृतिक सम्मान का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि ओडिशा और पश्चिम बंगाल की बीजेपी सरकारों के साझा प्रयासों से यह संभव हो पाया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, यह कदम सनातन परंपराओं और भगवान जगन्नाथ में आस्था रखने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करता है। इससे दोनों राज्यों के बीच सांस्कृतिक रिश्ते भी और मजबूत होंगे। माझी ने कहा कि उनकी सरकार ओड़िया अस्मिता और महाप्रभु जगन्नाथ की महिमा को सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

पुरी मंदिर प्रशासन ने भी उठाया था कदम
इस विवाद के बीच पुरी के श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (SJTA) ने भी मंदिर से जुड़े पवित्र नामों, प्रतीकों और उपाधियों के अधिकार सुरक्षित करने की दिशा में कदम उठाया है। प्रशासन ने 'श्री जगन्नाथ धाम' समेत कई धार्मिक नामों और प्रतीकों पर ट्रेडमार्क अधिकार हासिल किए हैं, ताकि इनका बिना अनुमति व्यावसायिक या संस्थागत इस्तेमाल न किया जा सके।


ये भी पढ़ें: मुंबई में बम की धमकी से हड़कंप: मेयर और बीएमसी कमिश्नर को मिला ईमेल, तीन जगहों को निशाना बनाने का दावा

250 करोड़ रुपये की लागत से बना है दीघा मंदिर
पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के समुद्र तटीय शहर दीघा में बना यह जगन्नाथ मंदिर करीब 20 एकड़ में फैला हुआ है। इसका निर्माण लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। अप्रैल 2025 में तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसका उद्घाटन किया था। ओडिशा से सटे होने के कारण इस मंदिर का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व भी काफी चर्चा में रहा है। अब नाम बदलने के फैसले के बाद उम्मीद है कि इस मुद्दे पर चल रहा विवाद शांत होगा और दोनों राज्यों के बीच भगवान जगन्नाथ से जुड़ी साझा आस्था को नई मजबूती मिलेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed