{"_id":"6b0988c239e34601e404d7de","slug":"child-died-while-undergoing-treatment-at-hospital-in-knowledge-park-3-2026-11-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"ग्रेटर नोएडा: अस्पताल में बच्चे की मौत के बाद हंगामा, इलाज के नाम पर थमाया लाखों का बिल; डेढ़ माह से था भर्ती","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ग्रेटर नोएडा: अस्पताल में बच्चे की मौत के बाद हंगामा, इलाज के नाम पर थमाया लाखों का बिल; डेढ़ माह से था भर्ती
Fri, 27 Nov 2026 07:14 PM IST
अनुज कुमार
माई सिटी रिपोर्टर, ग्रेटर नोएडा
माई सिटी रिपोर्टर, ग्रेटर नोएडा
Published by: अनुज कुमार
Updated Fri, 27 Nov 2026 07:14 PM IST
सार
एक अस्पताल में डेढ़ माह तक चले इलाज के बाद बच्चे की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों और किसानों ने हंगामा किया। बिल को लेकर नाराजगी जताने पर अस्पताल प्रबंधन ने बकाया धनराशि माफ कर दी।
विज्ञापन
परिजनों और किसानों का हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
नॉलेज पार्क-3 स्थित सूर्या अस्पताल में बृहस्पतिवार शाम उपचार के दौरान करीब डेढ़ माह से भर्ती एक बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत और इलाज के नाम पर अधिक बिल बनाए जाने को लेकर परिजनों ने नाराजगी जताई। इसके बाद परिजनों के साथ पहुंचे वकीलों और किसानों ने अस्पताल में हंगामा किया। सूचना पर नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस के समझाने के बाद परिजन बच्चे को लेकर चले गए। मामले में परिजन ने कोई शिकायत नहीं दी है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, जेवर के पास स्थित झुप्पा गांव के रहने वाले परिवार का बच्चा पिछले करीब डेढ़ माह से अस्पताल में भर्ती था। बच्चे की आंख का ऑपरेशन भी किया गया था। परिजन की ओर से इलाज में अबतक 15 लाख रुपये खर्च किए जा चुके है।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बच्चे का अभी तक नामकरण भी नहीं हुआ था। उसकी मौत के बाद अस्पताल की ओर से परिजन से 3.50 लाख रुपये की और मांग की गई। परिजन बिल की धनराशि को लेकर अस्पताल प्रबंधन से बातचीत करने लगे।
विज्ञापन
परिजनों का आरोप था कि इलाज के नाम पर काफी अधिक बिल बनाया गया है। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। शाम करीब छह बजे परिजनों के समर्थन में वकील और किसान भी अस्पताल पहुंच गए और हंगामा किया। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने बकाया धनराशि माफ कर दी। इसके बाद बच्चे का शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजन उसी शाम शव लेकर घर चले गए। एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि अस्पताल में करीब डेढ़ माह से उपचाररत बच्चे की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। परिजनों की आर्थिक कठिनाई को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन द्वारा बकाया धनराशि माफ कर दी गई। बच्चे के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
