शादी का कार्ड डाउनलोड करते ही 10 लाख रुपये साफ: व्हाट्सएप पर आई एपीके फाइल से ऐसे हो रही सेंधमारी, कैसे बचें
- व्हाट्एस पर आई 'वेडिंग इनविटेशन' एपीके फाइल से गुजरात के शख्स का फोन हैक हुआ।
- ठगों ने उसके बैंक खाते से 10.02 लाख रुपये उड़ाए।
- पुलिस ने बिना जांचे एपीके फाइल न खोलें की सलाह दी है।
- आइए जानते हैं इस तरह के फ्रॉड से कैसे बचा जा सकता है?

विस्तार
आजकल व्हाट्सएप पर शादी के निमंत्रण से लेकर बैंक और सरकारी योजनाओं से जुड़े मैसेज तक आते रहते हैं। ऐसे में किसी जान-पहचान वाले के नाम से आया शादी का कार्ड देखकर उसे खोलना सामान्य बात लगती है। लेकिन यही लापरवाही आपके बैंक खाते को खाली कर सकती है। गुजरात में सामने आया एक मामला इसका उदाहरण है, जहां शादी के डिजिटल निमंत्रण के नाम पर भेजी गई एक फाइल ने शख्स को 10 लाख रुपये से ज्यादा का चूना लगा दिया।
शादी के कार्ड के नाम पर ऐसे हुई 10 लाख की ठगी
गुजरात के एक व्यक्ति को व्हाट्एस पर 'wedding invitation.APK' नाम की फाइल भेजी गई। उसे लगा कि किसी ने शादी का निमंत्रण भेजा है। उसने फाइल डाउनलोड कर ली, जिसके बाद साइबर अपराधियों ने उसके मोबाइल और बैंकिंग से जुड़ी जानकारी तक पहुंच बना ली। देखते ही देखते उसके खाते से 10.02 लाख रुपये निकाल लिए गए। सूरत सिटी पुलिस की साइबर क्राइम ब्रांच ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी 28 वर्षीय देवेंद्र मलिक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह अपना बैंक खाता साइबर ठगों को इस्तेमाल करने देता था और ठगी की रकम का 20 प्रतिशत कमीशन रखकर बाकी पैसे उन्हें सौंप देता था।
APK फाइल के नाम पर कैसे बिछाया जाता है ठगी का जाल?
APK एंड्रॉयड फोन में एप इंस्टॉल करने वाली फाइल होती है। साइबर अपराधी इसी का इस्तेमाल करके फर्जी एप के जरिए लोगों को निशाना बना सकते हैं। शादी का कार्ड, ट्रैफिक चालान, बैंक अलर्ट या सरकारी योजना का नाम देकर ऐसी फाइल भेजी जाती है। इसे इंस्टॉल करने पर एप जरूरत से ज्यादा परमिशन मांग सकता है और फोन की संवेदनशील जानकारी तक पहुंचने की कोशिश कर सकता है। कुछ मामलों में ठग मैसेज, ओटीपी और दूसरी जानकारियां हासिल कर बैंकिंग धोखाधड़ी करते हैं। इसलिए सिर्फ फाइल का नाम या भेजने वाले का परिचित होना उसकी सुरक्षा की गारंटी नहीं है।
इन 7 बातों का रखें ध्यान, नहीं होंगे साइबर ठगी का शिकार
- अनजान APK डाउनलोड न करें:व्हाट्एसया किसी दूसरे मैसेजिंग एप पर आई APK फाइल को बिना जांच इंस्टॉल न करें।
- भेजने वाले की पहचान करें:परिचित के नाम से कार्ड आए तो उसे फोन करके पुष्टि कर लें।
- लिंक पर तुरंत क्लिक न करें:शादी, चालान या बैंक के नाम पर आए संदिग्ध लिंक से दूर रहें।
- अनजान परमिशन न दें:कोई एप SMS, कॉन्टैक्ट या दूसरी संवेदनशील जानकारी की अनुमति मांगे तो सावधान हो जाएं।
- फोन अपडेट रखें:मोबाइल का ऑपरेटिंग सिस्टम और सिक्योरिटी अपडेट समय पर इंस्टॉल करें।
- बैंकिंग अलर्ट चालू रखें:खाते से होने वाले लेनदेन के मैसेज और नोटिफिकेशन पर नजर रखें।
- संदिग्ध एप हटाएं:गलती से कोई फाइल इंस्टॉल हो जाए तो इंटरनेट बंद करें और बैंक से संपर्क कर खाते की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
ठगी हो जाए तो तुरंत करें ये काम
अगर आपने गलती से ऐसी फाइल डाउनलोड कर ली है या खाते से पैसे कट गए हैं तो घबराने के बजाय तुरंत कदम उठाएं। सबसे पहले अपने बैंक को सूचना देकर खाते और डिजिटल भुगतान सेवाओं को सुरक्षित करवाएं। इसके बाद साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराएं। आप सरकारी पोर्टल https://cybercrime.gov.in/ पर भी शिकायत कर सकते हैं। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में गिरफ्तार देवेंद्र मलिक नौवीं कक्षा तक पढ़ा है और नौकरी करता है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। याद रखें, साइबर ठगी में शुरुआती समय बेहद अहम होता है। जितनी जल्दी शिकायत करेंगे, पैसे वापस मिलने की संभावना उतनी बेहतर हो सकती है।