न पंडित के पास जाने की जरूरत, न राशिफल देखने की: जियोएस्ट्रो एप लॉन्च, राशिफल से दोषों तक की मिलेगी ये जानकारी
सार
- जियो ने जियाएस्ट्रो एप लॉन्च किया है।
- एआई ज्योतिषी से कर सकेंगे बातचीत।
- जन्म कुंडली के आधार पर मिलेंगे जवाब।
- चार भाषाओं में उपलब्ध है एप।

विस्तार
टेलीकॉम और डिजिटल सर्विस के बाद अब रिलायंस जियो ने ज्योतिष की दुनिया में भी कदम रख दिया है। कंपनी ने जियोएस्ट्रो नाम से नया एआई आधारित ज्योतिष एप पेश किया है। इस एप की खास बात है कि यहांयूजर्स को सिर्फ रोजाना का राशिफल नहीं मिलेगा, बल्कि वे अपनी जन्म कुंडली के आधार पर एआई ज्योतिषी से सीधे सवाल भी पूछ सकेंगे। एप ग्रहों की स्थिति, दशा, ज्योतिषीय योग और दोषों का विश्लेषण करने की सुविधा देता है। इसे गूगल प्ले स्टोर से मुफ्त में डाउनलोड किया जा सकता है।
JioAstro क्या है एप और कैसे करेगा काम?
- जियोएस्ट्रो रिलायंस जियो की पैरेंट कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड का नया वैदिक ज्योतिष एप है। इसे ज्योतिष गणनाओं और आधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक को मिलाकर तैयार किया गया है।
- आमतौर पर ज्योतिष एप में यूजर्स को उनकी राशि के हिसाब से रोजाना का राशिफल दिखाया जाता है, लेकिन जियोएस्ट्रो में इससे अलग सुविधा दी गई है। इसमें यूजर अपनी जन्म कुंडली के आधार पर AI ज्योतिषी से बातचीत कर सकते हैं।
- कंपनी के अनुसार, एप में मनगढ़ंत या डराने वाली भविष्यवाणियां नहीं की जातीं। यहां मिलने वाली जानकारी शास्त्रीय वैदिक ज्योतिष गणनाओं पर आधारित होती है।
कितनी भाषाओं में पूछ सकते हैं सवाल?
- जियोएस्ट्रो एप में यूजर्स को भाषा के भी कई विकल्प मिलते हैं। इसमें अंग्रेजी, हिंदी, मराठी और गुजराती भाषा में AI ज्योतिषी से बातचीत की जा सकती है।
- यूजर अपनी कुंडली के आधार पर ग्रहों की स्थिति और मौजूदा दशाओं के बारे में सवाल पूछ सकते हैं। इससे उन्हें अपनी ज्योतिषीय जानकारी को समझने में मदद मिलेगी।
- साथ ही एप में उत्तर भारतीय और दक्षिण भारतीय दोनों शैलियों में कुंडली देखने का विकल्प दिया गया है। इसमें लग्न कुंडली और नवांश कुंडली शामिल हैं।
- इसके अलावा, जियोएस्ट्रो 40 से ज्यादा ज्योतिषीय योगों की पहचान कर सकता है। यह मांगलिक दोष, कालसर्प दोष, पितृ दोष और ग्रहण दोष का विश्लेषण करने की सुविधा भी देता है।
किन-किन चीजों की मिलेगी जानकारी?
- जियोएस्ट्राे में यूजर्स को उनकी जन्म कुंडली के आधार पर रोजाना का राशिफल देखने की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही शुभ रंग और लकी नंबर की जानकारी भी दी जाएगी।
- एप में 'लाइफ स्नैपशॉट' नाम का फीचर भी मिलता है। इसके जरिए यूजर्स करियर और सेहत जैसे विषयों से जुड़ी जानकारी देख सकते हैं।
- इतना ही नहीं जियोएस्ट्रो में सिर्फ अपने लिए ही नहीं, बल्कि परिवार के सदस्यों के लिए भी प्रोफाइल बनाने की सुविधा दी गई है। एक यूजर अपने अकाउंट में परिवार के चार लोगों के प्रोफाइल जोड़ सकता है। इससे एक ही एप में परिवार के अलग-अलग सदस्यों की जन्म कुंडली से जुड़ी जानकारी देखी जा सकती है।
- इसके अलावा, एप में दैनिक पंचांग और शुभ मुहूर्त देखने का विकल्प भी मिलता है। यूजर्स अपनी वार्षिक वर्षफल रिपोर्ट PDF फॉर्मेट में डाउनलोड कर सकते हैं।
जन्म की जानकारी रहेगी एन्क्रिप्टेड
- ज्योतिष एप इस्तेमाल करने के दौरान यूजर्स को अपनी जन्म तारीख, समय और स्थान जैसी निजी जानकारी देनी होती है। ऐसे में डेटा की सुरक्षा भी अहम हो जाती है।
- रिपोर्ट्स के अनुसार, जियो का कहना है कि जियोएस्ट्रो में यूजर्स का जन्म डेटा पूरी तरह एन्क्रिप्टेड रखा जाता है। कंपनी ने यह भी कहा है कि एप में किसी महंगे प्रोडक्ट को खरीदने के लिए यूजर्स पर दबाव नहीं बनाया जाता।
- कंपनी ने स्पष्ट किया है कि जियोएस्ट्रो केवल मार्गदर्शन के उद्देश्य से बनाया गया है। इसे डॉक्टरी, कानूनी या वित्तीय सलाह का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए।
कैसे कर सकेंगे इस्तेमाल?
- जियोएस्ट्रो एप फिलहाल गूगल प्ले स्टोर पर मुफ्त डाउनलोड के लिए उपलब्ध है। यूजर्स इसे अपने एंड्रॉयड स्मार्टफोन में डाउनलोड करके इस्तेमाल कर सकते हैं।
- इस एप के जरिए जियो ने पारंपरिक वैदिक ज्योतिष को एआई तकनीक से जोड़ने की कोशिश की है। अब यूजर्स राशिफल देखने के साथ अपनी जन्म कुंडली से जुड़े सवाल भी एआई ज्योतिषी से पूछ सकेंगे।